इंस्टाग्राम पर फर्जी और बॉट फॉलोअर्स कैसे हटाएं?
क्या है खबर?
इंस्टाग्राम पर बॉट और फर्जी फॉलोअर्स की समस्या तेजी से बढ़ रही है। कई यूजर्स की फॉलोअर लिस्ट में ऐसे अकाउंट जुड़ जाते हैं, जो बॉट या संदिग्ध माने जाते हैं। इससे अकाउंट की सुरक्षा और एंगेजमेंट दोनों प्रभावित हो सकते हैं। अब इंस्टाग्राम ने ऐसे अकाउंट की पहचान और उन्हें हटाने के लिए नया फीचर दिया है। इसके जरिए यूजर्स यह तय कर सकते हैं कि कौन लोग उनकी प्रोफाइल को फॉलो कर सकेंगे और कौन नहीं।
#1
संदिग्ध अकाउंट को ऐसे करें हटाएं
इंस्टाग्राम संभावित स्पैम अकाउंट को अलग लिस्ट में दिखाता है। यूजर अपनी प्रोफाइल में जाकर 'फॉलोअर्स' सेक्शन खोल सकते हैं और वहां 'पोटेंशियल स्पैम' विकल्प पर टैप कर सकते हैं। इसके बाद संदिग्ध अकाउंट की सूची दिखाई देती है। अगर किसी अकाउंट को रखना हो तो 'कन्फर्म' पर टैप किया जा सकता है, जबकि हटाने के लिए 'डिलीट' विकल्प दिया जाता है। इससे यूजर्स को फर्जी और अनचाहे अकाउंट पहचानने में आसानी होती है और प्रोफाइल ज्यादा सुरक्षित रहती है।
#2
एक साथ हटाए जा सकते हैं सभी स्पैम फॉलोअर्स
इंस्टाग्राम ने एक साथ सभी संभावित स्पैम फॉलोअर्स हटाने का विकल्प भी दिया है। यूजर अपनी प्रोफाइल में जाकर फॉलोअर्स लिस्ट खोलें और फिर 'पोटेंशियल स्पैम' सेक्शन चुनें। वहां 'रिमूव ऑल स्पैम फॉलोअर्स' पर टैप करके सभी संदिग्ध अकाउंट हटाए जा सकते हैं। खास बात यह है कि जिन अकाउंट को हटाया जाएगा, उन्हें इसकी कोई सूचना नहीं मिलेगी। इससे बिना विवाद के फर्जी फॉलोअर्स साफ करना आसान माना जा रहा है।
#3
स्पैम फिल्टर और फॉलोअर कंट्रोल भी मौजूद
यूजर चाहें तो इंस्टाग्राम की सेटिंग्स में जाकर स्पैम फिल्टर को चालू या बंद भी कर सकते हैं। इसके लिए सेटिंग्स और प्राइवेसी में जाकर फॉलोअर्स सेक्शन खोलना होगा। वहीं, प्राइवेट अकाउंट वाले लोग किसी भी फॉलोअर को सीधे अपनी लिस्ट से हटा सकते हैं। हटाए गए व्यक्ति को कोई नोटिफिकेशन नहीं भेजा जाता। इंस्टाग्राम का कहना है कि ये फीचर यूजर्स को अपने अकाउंट पर ज्यादा कंट्रोल और बेहतर सुरक्षा देने के लिए तैयार किए गए हैं।