गर्मी में AC फटने का खतरा कैसे करें कम? जानिए आसान उपाय
क्या है खबर?
नोएडा के सेक्टर-119 में 29 जून को एक बहुमंजिला इमारत की 21वीं मंजिल पर एयर कंडीशनर (AC) में धमाके के बाद आग लग गई। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन इससे AC की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। गर्मियों और हीटवेव के दौरान लगातार चलने वाले AC पर ज्यादा दबाव पड़ता है। ऐसे में समय पर देखभाल और नियमित सर्विस कराना बेहद जरूरी माना जा रहा है, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
#1
समय पर सर्विस और सफाई जरूर कराएं
विशेषज्ञों के अनुसार, गर्मियों की शुरुआत से पहले AC की पूरी सर्विस जरूर करानी चाहिए। सर्विस के दौरान कंडेंसर कॉइल, कंप्रेसर, रेफ्रिजरेंट गैस और वायरिंग की अच्छी तरह जांच करानी चाहिए। आउटडोर यूनिट के आसपास पर्याप्त खुली जगह रखें, ताकि हवा का प्रवाह बना रहे। धूल, कचरा या किसी भी तरह की रुकावट को तुरंत हटाना चाहिए। इससे AC पर अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ता और उसकी कार्यक्षमता भी बेहतर बनी रहती है।
#2
इन संकेतों को बिल्कुल नजरअंदाज न करें
अगर AC से जलने जैसी गंध आए, तेज आवाज सुनाई दे या बार-बार सर्किट ब्रेकर ट्रिप होने लगे, तो इसे सामान्य न समझें। ऐसे संकेत किसी बड़ी खराबी का इशारा हो सकते हैं। हमेशा अच्छी गुणवत्ता वाले रेफ्रिजरेंट का ही इस्तेमाल करें और सस्ते विकल्पों से बचें। साथ ही बिजली के उतार-चढ़ाव से बचाने के लिए वोल्टेज स्टेबलाइजर लगाना भी जरूरी है, जिससे AC के महत्वपूर्ण पार्ट्स सुरक्षित रह सकें।
#3
पुराने AC की समय-समय पर जांच कराएं
अगर आपका AC 8 से 10 साल या उससे अधिक पुराना है, तो उसकी नियमित जांच कराना और भी जरूरी हो जाता है। बार-बार खराब होने या ठीक से ठंडक न देने पर उसे बदलने पर भी विचार करना चाहिए। समय पर मेंटेनेंस, सही उपयोग और सावधानी बरतने से AC की उम्र बढ़ाई जा सकती है। साथ ही आग लगने जैसी गंभीर घटनाओं और महंगे मरम्मत खर्च से भी काफी हद तक बचाव संभव है।