Loading...
आपकी AI चैट ट्रेनिंग में न हो इस्तेमाल, इन टूल्स में ऐसे बंद करें डाटा शेयरिंग
AI टूल्स में बंद करें डाटा शेयरिंग

आपकी AI चैट ट्रेनिंग में न हो इस्तेमाल, इन टूल्स में ऐसे बंद करें डाटा शेयरिंग

Sep 29, 2026
09:45 am

क्या है खबर?

ChatGPT, क्लॉड, जेमिनी, कोपायलट और ग्रोक जैसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल में यूजर की बातचीत और डाटा को लेकर अलग-अलग प्राइवेसी सेटिंग्स होती हैं। कुछ सेवाओं में आप यह तय कर सकते हैं कि आपकी नई चैट का इस्तेमाल मॉडल की ट्रेनिंग के लिए हो या नहीं। यह सेटिंग बंद करने के बाद पुरानी चैट अपने आप डिलीट नहीं होती। इसलिए AI इस्तेमाल करते समय प्राइवेसी सेटिंग जरूर जांचें, खासकर जब बातचीत में निजी जानकारी शामिल हो।

#1

ChatGPT और क्लॉड में ऐसे रोकें

ChatGPT में 'सेटिंग्स' खोलकर 'डाटा कंट्रोल्स' में जाएं और 'इंप्रूव द मॉडल फॉर एवरीवन' विकल्प बंद कर दें।

इसके बाद नई चैट मॉडल की ट्रेनिंग के लिए इस्तेमाल नहीं होगी, लेकिन चैट हिस्ट्री में रह सकती है। क्लॉड में सेटिंग्स के प्राइवेसी और मॉडल सुधार से जुड़े विकल्पों में जाकर बातचीत के इस्तेमाल की अनुमति बदली जा सकती है।

दोनों सेवाओं में सेटिंग बदलने से भविष्य की बातचीत के इस्तेमाल पर रोक लगाई जा सकती है।

#2

जेमिनी और कोपायलट में ऐसे करें

जेमिनी में 'प्रोफाइल फोटो' पर जाकर 'जेमिनी ऐप्स एक्टिविटी' खोलें और इसे बंद कर दें।

इससे भविष्य की चैट मॉडल ट्रेनिंग में इस्तेमाल नहीं होगी, लेकिन सेवा चलाने के लिए कुछ समय तक बातचीत रखी जा सकती है। कोपायलट में 'प्राइवेसी सेटिंग्स' के अंदर बातचीत और वॉइस से जुड़े ट्रेनिंग विकल्प मिल सकते हैं।

हालांकि, माइक्रोसॉफ्ट की मौजूदा जानकारी के अनुसार व्यक्तिगत कोपायलट चैट को फाउंडेशन मॉडल की ट्रेनिंग में इस्तेमाल नहीं किया जाता है।

ADVERTISEMENT

#3

ग्रोक में डाटा शेयरिंग बंद करें

ग्रोक में एक्स की 'सेटिंग्स' खोलें और 'प्राइवेसी एंड सेफ्टी' में जाएं।

इसके बाद 'डाटा शेयरिंग एंड पर्सनलाइजेशन' और फिर 'ग्रोक एंड थर्ड-पार्टी कोलैबोरेटर्स' विकल्प खोलें। यहां 'डाटा शेयरिंग' बंद करने पर आपकी सार्वजनिक पोस्ट और ग्रोक के साथ बातचीत को भविष्य की मॉडल ट्रेनिंग और फाइन-ट्यूनिंग के लिए इस्तेमाल होने से रोका जा सकता है।

ध्यान रखें कि यह सेटिंग पुरानी चैट को अपने आप डिलीट नहीं करती। पुरानी बातचीत हटाने के लिए अलग विकल्प का इस्तेमाल करना होगा।

ADVERTISEMENT