Loading...
गूगल फाइंड हब से कैसे ढूंढें अपना खोया हुआ एंड्रॉयड फोन?
खोया फोन ढूंढने में मदद करेगा फाइंड हब

गूगल फाइंड हब से कैसे ढूंढें अपना खोया हुआ एंड्रॉयड फोन?

Sep 24, 2026
09:00 am

क्या है खबर?

अगर आपका एंड्रॉयड फोन कहीं खो जाए, तो उसे ढूंढने के लिए गूगल का फाइंड हब काम आ सकता है। यह सेवा खोए हुए फोन, टैबलेट और कुछ एक्सेसरी को खोजने में मदद करती है। इसके लिए दूसरे एंड्रॉयड फोन की जरूरत नहीं होती, क्योंकि इसे कंप्यूटर या किसी स्मार्टफोन के ब्राउजर से भी खोला जा सकता है। फोन खोजने से पहले यह जरूर जांच लें कि उसमें सही गूगल अकाउंट, लोकेशन और फाइंड हब की सुविधा चालू है।

#1

पहले फोन में ये सेटिंग चालू करें

सबसे पहले फोन की सेटिंग्स खोलें और अपने गूगल अकाउंट में लॉग इन होने की जांच करें।

इसके बाद लोकेशन विकल्प में जाकर इसे चालू रखें। फिर सुरक्षा या सुरक्षा और गोपनीयता वाले हिस्से में फाइंड हब या खोए डिवाइस से जुड़ा विकल्प खोलें। यहां डिवाइस को खोजने की अनुमति वाला विकल्प चालू करें।

अगर ऑफलाइन खोज का विकल्प दिखे, तो उसे भी चालू कर दें। इसके लिए फोन में पिन, पैटर्न या पासवर्ड होना जरूरी है।

#2

फाइंड हब से ऐसे खोजें अपना फोन

फोन खो जाने पर किसी दूसरे एंड्रॉयड डिवाइस या स्मार्टवॉच में फाइंड हब खोलें या कंप्यूटर और स्मार्टफोन के ब्राउजर से इसकी वेबसाइट खोलें।

उसी गूगल अकाउंट से साइन इन करें, जो खोए फोन में इस्तेमाल हो रहा था। डिवाइस टैब में फोन का आखिरी स्थान दिखाई देगा।

अगर फोन आसपास है, तो मैप देखकर वहां पहुंच सकते हैं। फाइंड हब से फोन को दूर से बजाया भी जा सकता है, भले ही वह साइलेंट पर हो।

ADVERTISEMENT

#3

फोन न मिले तो डाटा ऐसे बचाएं

अगर फोन मिलने की उम्मीद कम हो, तो फाइंड हब से उसे खोया हुआ चिह्नित कर सकते हैं और लॉक स्क्रीन पर संपर्क जानकारी या मैसेज दिखा सकते हैं।

हालांकि, निजी जानकारी साझा करने में सावधानी रखें। आखिरी विकल्प के तौर पर फोन को दूर से रीसेट किया जा सकता है। इससे फोन का डाटा स्थायी रूप से मिट जाएगा और उसे फाइंड हब से भी हटा दिया जाएगा।

रीसेट करने से पहले फोन वापस मिलने की संभावना जरूर सोचें।

ADVERTISEMENT