ChatGPT में चैट डिलीट और आर्काइव कैसे करें? जानिए आसान तरीका
क्या है खबर?
ChatGPT यूजर्स अपनी बातचीत को हटाने, आर्काइव करने और दूसरी तरह से व्यवस्थित करने की सुविधा का इस्तेमाल कर सकते हैं। किसी चैट को डिलीट करने से पहले सावधानी बरतना जरूरी है। OpenAI के मुताबिक, डिलीट की गई बातचीत चैट हिस्ट्री से तुरंत गायब हो जाती है। इसके बाद उसे 30 दिनों के भीतर स्थायी रूप से हटाने के लिए तय किया जाता है। ऐसी चैट को बाद में वापस नहीं पाया जा सकता है।
#1
ChatGPT चैट डिलीट करने का तरीका
किसी बातचीत को हटाने के लिए सबसे पहले ChatGPT खोलें और चैट हिस्ट्री में जाएं।
अब जिस बातचीत को डिलीट करना है, उसके टाइटल के पास तीन डॉट्स पर क्लिक या टैप करें। इसके बाद डिलीट विकल्प चुनें और पुष्टि करें।
इसके डिलीट होते ही बातचीत चैट हिस्ट्री से हट जाएगी। अगर चैट गलती से डिलीट हो गई है, तो उसे दोबारा पाने का कोई आधिकारिक विकल्प उपलब्ध नहीं है।
#2
गायब चैट को ऐसे करें चेक
अगर कोई बातचीत चैट हिस्ट्री में दिखाई नहीं दे रही है, तो हो सकता है कि वह डिलीट होने के बजाय आर्काइव की गई हो।
इसे देखने के लिए सेटिंग्स में जाएं और डाटा कंट्रोल्स खोलें। यहां आर्काइव चैट्स के सामने मैनेज विकल्प चुनें। अगर आपकी बातचीत वहां मौजूद है, तो अनआर्काइव पर क्लिक करके उसे दोबारा चैट हिस्ट्री में ला सकते हैं।
साथ ही सही अकाउंट या वर्कस्पेस में साइन इन होने की जांच भी करें।
#3
चैट आर्काइव और डाटा एक्सपोर्ट करने का तरीका
किसी जरूरी चैट को सुरक्षित रखने के लिए उसे डिलीट करने के बजाय आर्काइव करें।
इसके लिए चैट के पास तीन डॉट्स पर क्लिक करें और आर्काइव विकल्प चुनें। आर्काइव की गई बातचीत अकाउंट में सेव रहती है। यूजर्स सेटिंग्स, डाटा कंट्रोल्स और एक्सपोर्ट डाटा के जरिए अपना डाटा भी डाउनलोड कर सकते हैं।
अगर चैट हिस्ट्री अधूरी दिखे, तो पेज रिफ्रेश करें या लॉग आउट करके दोबारा लॉग इन करें।