ChatGPT से किसी फोटो को GIF में कैसे बदलें?
क्या है खबर?
OpenAI ने अपने नए इमेज जनरेशन मॉडल इमेजेस 2.6 के जरिए ChatGPT में GIF बनाने की सुविधा शुरू की है। अब यूजर्स किसी फोटो को अपलोड करके उसे अपनी पसंद के मुताबिक एनिमेशन में बदल सकेंगे। इसके लिए केवल यह बताना होगा कि तस्वीर में किस तरह की हलचल चाहिए। कंपनी ने इस अपडेट के साथ इमेज बनाने की गति बढ़ाई है और यूजर्स को एडिटिंग के ज्यादा विकल्प भी दिए हैं।
तरीका
फोटो अपलोड करके ऐसे बनाएं GIF
GIF बनाने के लिए सबसे पहले ChatGPT खोलें और उस फोटो को अपलोड करें, जिसे आप एनिमेट करना चाहते हैं।
इसके बाद लिखकर बताएं कि तस्वीर में किस तरह का बदलाव या हलचल चाहिए। आप चाहें तो बिना फोटो अपलोड किए केवल टेक्स्ट के जरिए भी GIF तैयार कर सकते हैं।
उदाहरण के लिए, किसी व्यक्ति को दिवाली के तोहफों के बीच से झांकते हुए दिखाने वाला एनिमेशन बनाने के लिए निर्देश दे सकते हैं।
एनिमेशन
एनिमेशन की गति और फ्रेम में कर सकेंगे बदलाव
GIF तैयार होने के बाद यूजर्स उसमें अपनी पसंद के मुताबिक बदलाव भी कर सकते हैं।
नए मॉडल में एनिमेशन की गति को 0.5x से 2x तक कम या ज्यादा करने का विकल्प मिलेगा। इसके अलावा, किसी खास फ्रेम को अलग से एडिट किया जा सकेगा। तस्वीर में मौजूद चीजों का आकार बदलने और अनचाही वस्तुओं को हटाने की सुविधा भी मिलेगी।
इससे यूजर्स तैयार GIF को अपनी जरूरत के हिसाब से बेहतर बना सकेंगे।
उपलब्धता
सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध हुआ नया मॉडल
इमेजेस 2.6 में GIF बनाने के अलावा इमेज तैयार करने की गति भी बढ़ाई गई है।
अब लोग अपने पसंदीदा लोगों, पालतू जानवरों और दूसरे पात्रों की तस्वीरें सेव करके भविष्य में दोबारा इस्तेमाल कर सकेंगे। यह सुविधा फ्री समेत सभी ChatGPT यूजर्स के लिए वेब, डेस्कटॉप और मोबाइल ऐप पर उपलब्ध है।
वहीं, डेवलपर्स के लिए कंपनी ने API के जरिए फ्लेयर और सनबर्स्ट नाम के 2 नए मॉडल भी पेश किए हैं।