Loading...
माइक्रोसॉफ्ट की नई AI चिप माइया 300 दूसरी चिप्स से कैसे है अलग?
सत्य नडेला ने इसे अपने सिलिकॉन पर अब तक का सबसे बड़ा दांव बताया है

माइक्रोसॉफ्ट की नई AI चिप माइया 300 दूसरी चिप्स से कैसे है अलग?

Oct 12, 2026
10:09 pm

क्या है खबर?

टेक दिग्गज कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने एनवीडिया और AMD जैसी कंपनियों पर अपनी निर्भरता कम करने के लिए खुद की तीसरी पीढ़ी की AI चिप माइया 300 लॉन्च की है। कंपनी इसका इस्तेमाल अपनी सेवाओं में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े कामों को संभालने के लिए करेगी। माइक्रोसॉफ्ट की योजना 2027 में इस चिप का इस्तेमाल शुरू करने की है। कंपनी के प्रमुख सत्य नडेला ने इसे अपने सिलिकॉन पर अब तक का सबसे बड़ा दांव बताया है।

खासियत

क्या है इसकी खासियत?

माइक्रोसॉफ्ट के मुताबिक, माइया 300 को कम बिजली खर्च करके बेहतर प्रदर्शन देने के लिए तैयार किया गया है।

कंपनी का दावा है कि यह प्रमुख ग्राफिक्स प्रोसेसर आधारित प्रणालियों के मुकाबले उतनी ही बिजली में 40 प्रतिशत ज्यादा AI टोकन तैयार कर सकती है। टोकन वह छोटी इकाई होती है, जिसे AI मॉडल जानकारी समझने और जवाब बनाने के दौरान इस्तेमाल करते हैं।

इससे ज्यादा अनुरोध संभालने और सेवाओं की लागत घटाने में मदद मिल सकती है।

अलग

दूसरी चिप से कैसे अलग है माइया 300?

माइक्रोसॉफ्ट का कहना है कि 96 माइया 300 एक्सेलरेटर वाले डाटा सेंटर रैक से माइया 200 की व्यवस्था के मुकाबले 7 गुना तक ज्यादा टोकन तैयार किए जा सकते हैं।

नई चिप को जटिल सवालों के जवाब देने, लंबी बातचीत संभालने और कई चरणों वाले काम करने के लिए बनाया गया है।

इसमें चिपलेट तकनीक का इस्तेमाल हुआ है, जिसमें गणना, मेमोरी नियंत्रण और जानकारी के आने-जाने से जुड़े काम अलग हिस्सों में बांटे जाते हैं।

ADVERTISEMENT

निर्भरता

एनवीडिया और AMD पर निर्भरता पूरी तरह खत्म नहीं होगी

माइक्रोसॉफ्ट अपनी चिप से AI के जरिए सवालों के जवाब देने जैसे कामों का बड़ा हिस्सा संभालना चाहती है।

हालांकि, कंपनी एनवीडिया और AMD की चिप का इस्तेमाल पूरी तरह बंद नहीं करेगी। खासकर AI मॉडल को प्रशिक्षित करने में इन कंपनियों के प्रोसेसर की भूमिका बनी रह सकती है।

अपने हार्डवेयर का इस्तेमाल बढ़ाने से माइक्रोसॉफ्ट को बढ़ती कंप्यूटिंग जरूरतों को पूरा करने और बड़े डाटा सेंटर में बिजली पर होने वाले खर्च को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।

ADVERTISEMENT

अन्य

कोपायलट की सेवाओं पर भी पड़ सकता है असर

माइक्रोसॉफ्ट ने 2023 में अपनी पहली माइया चिप पेश की थी, जबकि माइया 200 जनवरी, 2026 में आई।

कंपनी के अनुसार, माइया 200 का इस्तेमाल माइक्रोसॉफ्ट कोपायलट, गिटहब कोपायलट और माइक्रोसॉफ्ट फाउंड्री जैसी सेवाओं में हो रहा है। माइया 300 से माइक्रोसॉफ्ट 365 कोपायलट के कुछ काम तेज हो सकते हैं, लेकिन कंपनी ने ग्राहकों के लिए कीमत घटाने का ऐलान नहीं किया है।

नई चिप का इस्तेमाल 2027 में शुरू करने और इसकी क्षमता बढ़ाने की योजना है।

ADVERTISEMENT