गूगल अकाउंट के लिए सेल्फी वीडियो कैसे सेट करें?
क्या है खबर?
गूगल ने यूजर्स की सुरक्षा बढ़ाने के लिए नया सेल्फी वीडियो साइन-इन और अकाउंट रिकवरी फीचर पेश किया है। इसकी मदद से पासवर्ड भूलने या अकाउंट का एक्सेस खोने पर पहचान की पुष्टि करना आसान होगा। कंपनी का कहना है कि यह फीचर यह सुनिश्चित करता है कि अकाउंट का इस्तेमाल कोई असली व्यक्ति ही कर रहा है। फिलहाल यह सुविधा सभी देशों, सभी अकाउंट और सभी डिवाइस पर उपलब्ध नहीं है।
#1
ऐसे जोड़ें अपना सेल्फी वीडियो
इस फीचर का इस्तेमाल करने के लिए सबसे पहले गूगल अकाउंट में साइन इन करें।
इसके बाद सिक्योरिटी और साइन-इन सेक्शन में जाकर सेल्फी वीडियो विकल्प चुनें। फिर स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों के अनुसार अपना वीडियो रिकॉर्ड करें। वीडियो सेव होने के बाद यह आपके अकाउंट से जुड़ जाएगा।
अगर कंप्यूटर में कैमरा नहीं है, तो QR कोड स्कैन करके मोबाइल से भी यह प्रक्रिया आसानी से पूरी की जा सकती है।
#2
रिकॉर्डिंग के समय रखें इन बातों का ध्यान
गूगल के अनुसार, वीडियो रिकॉर्ड करते समय डिवाइस का इंटरनेट से जुड़ा होना जरूरी है।
कैमरे की अनुमति दें और चेहरा पूरी तरह साफ दिखाई देना चाहिए। आंख, नाक और मुंह स्पष्ट नजर आने चाहिए। रिकॉर्डिंग के दौरान मास्क, काला चश्मा और टोपी न पहनें।
साथ ही बैकग्राउंड में किसी दूसरे व्यक्ति का चेहरा नहीं होना चाहिए। कैमरा काम न करे तो ब्राउजर अपडेट करने की सलाह भी कंपनी ने दी है।
#3
ऐसे होगा इस्तेमाल और कभी भी कर सकेंगे डिलीट
अगर यूजर पासवर्ड भूल जाता है, तो गूगल दोबारा छोटा सेल्फी वीडियो रिकॉर्ड कराकर उसे पहले से सेव वीडियो से मिलाएगा।
दोनों वीडियो मेल खाने पर अकाउंट रिकवरी की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। यूजर चाहें तो बाद में अपना सेल्फी वीडियो कभी भी डिलीट कर सकते हैं।
हालांकि, इसे हटाने के बाद साइन-इन और अकाउंट रिकवरी के लिए इस सुविधा का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा और दोबारा सेटअप करना पड़ेगा।