Loading...
हीरो फिनकॉर्प से 12.84 करोड़ की साइबर ठगी, बैंक मैनेजर समेत 5 गिरफ्तार
हीरो फिनकॉर्प से 12.84 करोड़ की साइबर ठगी

हीरो फिनकॉर्प से 12.84 करोड़ की साइबर ठगी, बैंक मैनेजर समेत 5 गिरफ्तार

Sep 17, 2026
11:57 am

क्या है खबर?

दिल्ली पुलिस ने हीरो फिनकॉर्प लिमिटेड से जुड़े कथित 12.84 करोड़ रुपये के साइबर ठगी मामले में एक बैंक रिलेशनशिप मैनेजर समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, कंपनी के खाते से बिना अनुमति 317 डिजिटल ट्रांजैक्शन किए गए थे। यह रकम 34 अलग-अलग बैंक खातों में भेजी गई। स्पेशल सेल की IFSO यूनिट ने जांच के बाद आरोपियों को पकड़ा है। मामले में ठगी की 1.7 करोड़ रुपये की रकम रोकी गई है।

ठगी

317 ट्रांजैक्शन के जरिए हुई ठगी

कंपनी को HDFC बैंक के सिस्टम अलर्ट से अपने खाते में संदिग्ध लेनदेन का पता चला।

शिकायत के मुताबिक, कंपनी के प्रबंधन की जानकारी, अनुमति या सहमति के बिना 12,84,09,997 रुपये के 317 डिजिटल ट्रांजैक्शन किए गए। यह रकम पहले स्तर के 34 अलग-अलग बैंक खातों में भेजी गई।

जांच में पुलिस ने बैंक खातों, मोबाइल रिकॉर्ड और लेनदेन की जानकारी खंगाली। इसके बाद देश के कई हिस्सों में छापेमारी की गई।

रकम

आरोपियों के खातों में पहुंची लाखों की रकम

दिल्ली पुलिस ने इन आरोपियों की पहचान बुलंदशहर के अभय कुमार सोलंकी, कुरुक्षेत्र के लवली, जयपुर के नमन कुमार, बीकानेर के हरमन और जयपुर के विकास के रूप में की है।

अधिकारियों के अनुसार, सोलंकी के खाते में 60 हजार रुपये पहुंचे, जिन्हें बाद में ATM से निकाला गया।

लवली के खाते में कथित तौर पर 80 लाख रुपये और नमन के खातों में करीब 1.10 करोड़ रुपये मिले हैं।

ADVERTISEMENT

अन्य

गिरोह के दूसरे सदस्यों की तलाश जारी

पुलिस का आरोप है कि हरमन ने कमीशन लेकर नमन का बैंक खाता चलाया और उसके मोबाइल में apk फाइल इंस्टॉल कराई।

बैंक रिलेशनशिप मैनेजर विकास ने नमन को बैंक खाते खुलवाने और हरमन से संपर्क कराने में मदद की। हरमन कथित तौर पर टेलीग्राम पर विदेशी समूहों के संपर्क में था।

पुलिस के मुताबिक, ठगी की रकम को USDT में बदलकर विदेश भेजा गया। अब भारत और दुबई में मौजूद अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

ADVERTISEMENT