चीन से जुड़े हैकरों ने AI की मदद से सैकड़ों कंपनियों पर किया साइबर हमला
क्या है खबर?
माइक्रोसॉफ्ट ने एक साइबर हमले को लेकर चेतावनी जारी की है, जिसमें चीन से जुड़े बताए जा रहे हैकर समूह स्टॉर्म-0940 पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इस्तेमाल का आरोप है। कंपनी के अनुसार, समूह ने AI आधारित टूल की मदद से कई संस्थानों के नेटवर्क में सेंध लगाने की कोशिश की है। कुछ मामलों में हैकर 3 घंटे से भी कम समय में कंपनियों के क्लाउड सिस्टम तक गहरी पहुंच बनाने में सफल रहे।
हमला
IT सेवा देने वाली कंपनी के जरिए हुआ हमला
माइक्रोसॉफ्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, हैकरों ने कनेक्टवाइज की क्लाउड बैकअप सेवा को निशाना बनाया। इस सेवा का इस्तेमाल दूसरी कंपनियां अपने IT सिस्टम और डाटा के प्रबंधन के लिए करती हैं।
कनेक्टवाइज के प्रमुख मैनी रिवेलो ने हमले में चीन से जुड़े हैकर समूह की भूमिका होने की आशंका जताई। कंपनी ने प्रभावित सेवाओं के कनेक्शन रोक दिए हैं।
हालांकि, जिन नेटवर्क में हैकर पहले ही प्रवेश कर चुके हैं, वहां अलग से जांच और सुरक्षा उपाय जरूरी हैं।
AI
AI ने हमले की रफ्तार बढ़ाई
माइक्रोसॉफ्ट के मुताबिक, हैकरों ने आर्टेक्स नाम के एक सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल किया।
आरोप है कि इसका उपयोग पासवर्ड आजमाने, नेटवर्क में कमजोरियां तलाशने और जानकारी तक पहुंच बनाने के काम को स्वचालित करने के लिए किया गया। रिपोर्ट के अनुसार, टूल हर मिनट करीब 2,900 लॉगिन प्रयास कर रहा था।
इतनी तेज गतिविधि के कारण सुरक्षा टीमों के पास संदिग्ध हरकतों की पहचान करने और समय पर कार्रवाई करने का अवसर कम रह गया।
सलाह
कंपनियों को अपने सिस्टम की जांच करने की सलाह
इस अभियान में रक्षा, ऊर्जा, बैंकिंग, सरकारी संस्थानों, मीडिया और तकनीक समेत कई क्षेत्रों को निशाना बनाया गया है।
विशेषज्ञों ने कनेक्टवाइज की क्लाउड बैकअप सेवा इस्तेमाल करने वाली कंपनियों से संबंधित कनेक्शन बंद रखने और आधिकारिक निर्देशों का पालन करने को कहा है।
IT टीमों को माइक्रोसॉफ्ट 365 के लॉगिन रिकॉर्ड की जांच करनी चाहिए और किसी अनजान अकाउंट या संदिग्ध गतिविधि पर ध्यान देना चाहिए। प्रभावित ऐप को हटाने के बजाय निष्क्रिय रखकर जांच करना भी जरूरी है।