GTA बनाने वाली कंपनी रॉकस्टार गेम्स पर हुआ बड़ा साइबर हमला
क्या है खबर?
GTA जैसे गेम बनाने वाली दिग्गज गेम निर्माता कंपनी रॉकस्टार गेम्स पर बड़ा साइबर हमला हुआ है। कंपनी ने इस डाटा ब्रीच की पुष्टि की है, जिससे गेमिंग इंडस्ट्री में हलचल बढ़ गई है। हालांकि, कंपनी ने कहा है कि यह हमला सीमित स्तर का था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कुछ डाटा तक पहुंच बनाई गई, लेकिन कंपनी का मुख्य सिस्टम सुरक्षित बना हुआ है और स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया है।
नुकसान
कंपनी को क्या हुआ नुकसान
कंपनी के अनुसार इस साइबर हमले में केवल सीमित और गैर-जरूरी जानकारी ही एक्सेस की गई है। सबसे अहम बात यह है कि प्लेयर्स का पर्सनल डाटा पूरी तरह सुरक्षित बताया गया है। साथ ही कंपनी के गेम, सर्वर और ऑपरेशन्स पर भी कोई असर नहीं पड़ा है। इस वजह से यूजर्स के गेमिंग अनुभव पर कोई सीधा खतरा नहीं आया है और सेवाएं सामान्य तरीके से चलती रही हैं।
चिंता
हैकिंग ग्रुप की धमकी से बढ़ी चिंता
इस साइबर हमले के पीछे शिनी हंटर्स नाम के हैकर ग्रुप का हाथ बताया जा रहा है। इस ग्रुप ने दावा किया कि उसने कंपनी के सिस्टम में घुसपैठ की और डेटा हासिल किया। इसके साथ ही उसने चेतावनी दी कि अगर तय समय तक कंपनी ने संपर्क नहीं किया, तो वह डाटा सार्वजनिक कर सकता है। इस धमकी से साइबर सुरक्षा को लेकर नई चिंता पैदा हो गई है।
जांच
मामले को लेकर जांच जारी
कंपनी ने साफ किया है कि यह हमला थर्ड-पार्टी सिस्टम की कमजोरी के कारण हुआ, न कि उसके कोर सिस्टम में किसी बड़ी खामी से। फिलहाल मामले की जांच जारी है और सुरक्षा को और मजबूत करने के कदम उठाए जा रहे हैं। इस घटना ने यह दिखाया है कि कंपनियों को अपने बाहरी सिस्टम और डाटा सुरक्षा पर भी उतना ही ध्यान देना जरूरी है, ताकि भविष्य में ऐसे खतरे से बचा जा सके।