स्पेस-X और टेस्ला में शुरू हुई ग्रोक 4.5 की बीटा टेस्टिंग, क्या है इसकी खासियत?
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी xAI ने अपने नए AI मॉडल ग्रोक 4.5 की प्राइवेट बीटा टेस्टिंग स्पेस-X और टेस्ला में शुरू कर दी है। कंपनी के मालिक एलन मस्क ने बताया कि यह मॉडल 1.5 लाख करोड़ पैरामीटर वाले V9 फाउंडेशन मॉडल पर तैयार किया गया है। शुरुआती परीक्षण में इसकी परफॉर्मेंस काफी बेहतर देखने को मिली है। फिलहाल इसे केवल सीमित स्तर पर टेस्ट किया जा रहा है और आम यूजर्स के लिए अभी उपलब्ध नहीं कराया गया है।
क्षमता
क्लाउड ओपस के बराबर बताई गई क्षमता
मस्क ने दावा किया कि शुरुआती मूल्यांकन में ग्रोक 4.5 की क्षमता एंथ्रोपिक के क्लाउड ओपस के बराबर, या उससे भी बेहतर दिखाई दी है। उन्होंने बताया कि मॉडल को अतिरिक्त ट्रेनिंग डाटा के साथ तैयार किया गया है, जिससे इसकी कोडिंग और दूसरे कामों में प्रदर्शन बेहतर हुआ है। हालांकि, अभी तक इसकी क्षमता को साबित करने वाले किसी भी स्वतंत्र बेंचमार्क का परिणाम सार्वजनिक नहीं किया गया है।
खासियत
कोडिंग और AI क्षमता पर खास फोकस
कंपनी के अनुसार, ग्रोक 4.5 को बेहतर कोडिंग और जटिल AI कार्यों के लिए तैयार किया गया है। इसमें रीइन्फोर्समेंट लर्निंग का लगातार इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे इसकी क्षमता लगातार बेहतर हो रही है। मस्क ने बताया कि ग्रोक बिल्ड नाम का कोडिंग सिस्टम भी हर दिन पहले से अधिक सक्षम बन रहा है। नए मॉडल में कर्सर के डाटा का भी उपयोग किया गया है, जिससे इसकी कोडिंग क्षमता मजबूत हुई है।
तैयारी
हर महीने नए मॉडल लाने की तैयारी
मस्क ने कहा कि xAI इस साल के बाकी महीनों में हर महीने नए AI मॉडल पेश करने की योजना बना रही है। इन मॉडल्स को स्पेस-X की मदद से पूरी तरह शुरुआत से ट्रेन किया जाएगा। V9 फाउंडेशन मॉडल की ट्रेनिंग मई के आखिर में पूरी हुई थी और अब ग्रोक 4.5 उसी तकनीक पर आगे बढ़ रहा है। कंपनी का कहना है कि बड़े सार्वजनिक लॉन्च से पहले इसकी टेस्टिंग जारी रहेगी।