LOADING...
सरकार ने मेटा को दिया बच्चों के यौन शोषण कंटेंट वाले विज्ञापन रोकने का आदेश
सरकार ने मेटा से 7 दिनों में जवाब मांगा है

सरकार ने मेटा को दिया बच्चों के यौन शोषण कंटेंट वाले विज्ञापन रोकने का आदेश

Jul 05, 2026
01:10 pm

क्या है खबर?

इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने मेटा को इंस्टाग्राम पर ऐसे विज्ञापनों को लेकर एक नोटिस जारी किया है, जिनमें बच्चों के यौन शोषण से जुड़े कंटेंट को बढ़ावा दिया जा रहा था। सरकारी अधिकारी ने बताया कि नोटिस में सरकार ने इंस्टाग्राम को ऐसे सभी विज्ञापनों और कंटेंट को बंद करने का आदेश दिया, जो बच्चों के यौन शोषण और दुर्व्यवहार से जुड़े मटीरियल (CSEAM) को बढ़ावा देते हैं या उन तक पहुंचने में मदद करते हैं।

जवाब 

जवाब देने के लिए 7 दिन का समय 

सरकार ने मेटा को उन विज्ञापनों के बारे में विस्तार से जवाब देने के लिए 7 दिन का समय दिया, जिनके जरिए यूजर्स को ऐसे बाहरी प्लेटफॉर्म पर भेजा गया, जहां बच्चों के यौन शोषण से जुड़ा कंटेंट मौजूद था। अधिकारी ने हिंदुस्तान टाइम्स को बताया कि मंत्रालय यौन शोषण वाले कंटेंट को एल्गोरिदम के जरिए बढ़ावा दिए जाने के मामले को गंभीरता से ले रहा है और उसने मेटा को सुधारात्मक कदम उठाने का निर्देश दिया है।

जांच 

कंटेंट मॉडरेशन के तरीकों की जांच 

सरकार का यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है, जब मेटा को अपने कंटेंट मॉडरेशन (सामग्री की निगरानी) के तरीकों को लेकर बढ़ती जांच-पड़ताल का सामना करना पड़ रहा है। BBC आई की एक जांच में भारत में बच्चों के यौन शोषण से जुड़े कंटेंट को बढ़ावा देने वाले लगभग 30 अलग-अलग विज्ञापनों की पहचान की गई। ब्रॉडकास्टर ने बताया कि उसने इन विज्ञापनों की जानकारी मेटा और भारतीय अधिकारियों दोनों को दी थी।

Advertisement

कंटेंट 

इस तरह दिया जा रहा अश्लील कंटेंट को बढ़ावा 

BBC की रिपोर्ट के मुताबिक, इंस्टाग्राम पर 'रेप वीडियो' और 'चाइल्ड वीडियो' जैसे शब्दों वाले विज्ञापन दिखाए गए। कहा जा रहा है कि ये विज्ञापन यूजर्स को ऐसे टेलीग्राम चैनल्स पर भेजते थे, जहां बच्चों के यौन शोषण से जुड़ा कंटेंट बेचा जाता था। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि जब ऐसे ही एक विज्ञापन की शिकायत की गई तो इंस्टाग्राम ने शुरू में जवाब दिया कि इससे प्लेटफॉर्म के कम्युनिटी स्टैंडर्ड्स का उल्लंघन नहीं हुआ है।

Advertisement

प्रतिक्रिया

आरोपों को लेकर कंपनी ने दिया यह जवाब 

मेटा ने कहा, "CSAM को मांगने या शेयर करने के मामले में मेटा की 'जीरो टॉलरेंस' पॉलिसी है। नियमों का उल्लंघन करने वाले कंटेंट और लोगों का पता लगाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन हम उन अपराधियों से लगातार लड़ रहे हैं, जो 3.5 अरब यूजर्स के बीच छिपे होते हैं।" कंपनी ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वाली वेबसाइट्स के लिंक ब्लॉक कर दूसरी कंपनियों के साथ जानकारी शेयर की जा रही है।

Advertisement