सरकार सोशल मीडिया से पोस्ट हटाने का समय घटाकर कर सकती है 1 घंटे- रिपोर्ट
क्या है खबर?
केंद्र सरकार सोशल मीडिया पर भ्रमित करने वाले और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जरिए बनाए गए गैर-कानूनी कंटेंट को लेकर नियम और सख्त करने की योजना बना रही है। द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, सरकार ऑनलाइन कंटेंट हटाने की समय सीमा को घटाकर सिर्फ एक घंटा करने पर विचार कर रही है। यह प्रस्ताव फिलहाल शुरुआती स्तर पर है और इस पर अंतिम फैसला अभी नहीं लिया गया है, लेकिन चर्चा तेजी से जारी है।
मौजूदा नियम
मौजूदा नियम और समय सीमा क्या है?
अभी के नियमों के अनुसार, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को गैर-कानूनी कंटेंट हटाने के लिए 2 से 3 घंटे का समय दिया गया है। इससे पहले यह समय 24 से 36 घंटे तक था, जिसे फरवरी में काफी कम कर दिया गया था। खास मामलों में जैसे आपत्तिजनक तस्वीरों के लिए 2 घंटे की सीमा तय की गई है। यह समय सीमा दुनिया में सबसे कम मानी जाती है और इसे लागू करना कंपनियों के लिए चुनौती भी बन रहा है।
फैसला
कंपनियों के प्रदर्शन पर निर्भर होगा फैसला
सरकार का कहना है कि एक घंटे की नई समय सीमा लागू करने से पहले सोशल मीडिया कंपनियों के मौजूदा प्रदर्शन को देखा जाएगा। अगर कंपनियां 2-3 घंटे की सीमा का सही तरीके से पालन करती हैं, तभी आगे कड़े नियमों पर फैसला लिया जाएगा। अभी तक कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है और सरकार सभी पहलुओं पर विचार कर रही है, ताकि नियम लागू करने में कोई बड़ी समस्या न आए और सिस्टम सही तरीके से काम करे।
चुनौतियां
नए नियमों पर चिंता और चुनौतियां
इन सख्त नियमों को लेकर यूजर्स और टेक कंपनियों के बीच चिंता भी बढ़ रही है। कुछ लोगों का कहना है कि इससे सामान्य और आलोचनात्मक कंटेंट भी हटाया जा सकता है। वहीं कंपनियों ने इतनी कम समय सीमा में काम करना मुश्किल बताया है। इसके अलावा, सरकार अन्य मंत्रालयों को भी कंटेंट ब्लॉक करने का अधिकार देने पर विचार कर रही है, जिससे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर निगरानी और ज्यादा बढ़ सकती है।