IIT खड़गपुर को 46 करोड़ रुपये देगी गूगल, AI की पढ़ाई और शोध को मिलेगी मदद
क्या है खबर?
गूगल ने भारत में AI के क्षेत्र में पढ़ाई और शोध को आगे बढ़ाने के लिए IIT खड़गपुर के साथ साझेदारी की है। इसके तहत कंपनी संस्थान को 50 लाख डॉलर (करीब 46 करोड़ रुपये) देगी। इस रकम से नई शोध योजनाओं, छात्रों और शिक्षकों के प्रशिक्षण के साथ जरूरी तकनीकी सुविधाओं को विकसित किया जाएगा। कंपनी का लक्ष्य संस्थान में AI से जुड़े काम को बढ़ाना और इस क्षेत्र में नई संभावनाएं तैयार करना है।
जिक्र
सुंदर पिचाई ने अपने पुराने संस्थान का किया जिक्र
गूगल के CEO सुंदर पिचई ने इस साझेदारी को लेकर IIT खड़गपुर से अपना जुड़ाव भी साझा किया।
उन्होंने इसी संस्थान से पढ़ाई की थी और बाद में उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका चले गए थे। पिचाई के मुताबिक, IIT खड़गपुर भारतीय भाषाओं, कृषि और शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि गूगल सहयोग के जरिए संस्थान के प्रयासों को और आगे ले जाना चाहता है, जिससे आने वाले छात्रों को भी लाभ मिल सके।
इस्तेमाल
भारतीय भाषाओं और कृषि क्षेत्र में होगा AI का इस्तेमाल
इस योजना के तहत गूगल की आर्थिक मदद 3 हिस्सों में खर्च की जाएगी।
पहला हिस्सा नई तकनीक पर शोध को बढ़ावा देने के लिए होगा। इसमें भारतीयN भाषाओं, खेती, पदार्थ विज्ञान और शिक्षा से जुड़े क्षेत्रों में AI के इस्तेमाल पर काम किया जाएगा।
खासतौर पर ऐसी तकनीक विकसित करने पर ध्यान रहेगा, जो देश की अलग-अलग भाषाएं बोलने वाले लोगों के काम आ सके। कृषि और शिक्षा से जुड़ी समस्याओं के समाधान भी तलाशे जाएंगे।
प्रशिक्षण
छात्रों और शिक्षकों को दिया जाएगा प्रशिक्षण
योजना के दूसरे हिस्से में छात्रों और शिक्षकों को AI की जानकारी और जरूरी कौशल देने पर ध्यान दिया जाएगा।
इसके लिए नए पाठ्यक्रम और प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार करने में मदद मिलेगी। तीसरे हिस्से के तहत संस्थान में पहले से मौजूद AI से जुड़ी सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा।
इसके अलावा, कंपनी आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में AI हब बनाने के लिए 2030 तक 15 अरब डॉलर निवेश करने की योजना भी बना रही है।