गूगल 28 अप्रैल को रखेगी डाटा सेंटर की नींव, जानिए कब तक हाेगा तैयार
क्या है खबर?
गूगल 28 अप्रैल को आंध्र प्रदेश में 15 अरब डॉलर (करीब 1,400 अरब रुपये) के डाटा सेंटर हब का निर्माण कार्य आधिकारिक तौर पर शुरू करेगा। यह परियोजना भारत में अब तक का सबसे बड़ा एकल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) है। इसकी घोषणा कंपनी और राज्य सरकार के बीच अक्टूबर, 2025 में हुए समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर के बाद की गई। भूमि पूजन समारोह में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू और गूगल के शीर्ष अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
भूमि
डाटा सेंटर के लिए कितनी भूमि आवंटित?
1,400 अरब रुपये का यह निवेश 3 डाटा सेंटर परिसरों के निर्माण में किया जाएगा। ये परिसर विशाखापट्टनम जिले के अदावीराम, तारलुवादा और अनाकापल्ली जिले के रामबिल्ली में स्थित होंगे। गूगल की सहायक कंपनी रायडेन इन्फोटेक इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को इस परियोजना के लिए भूमि आवंटित की गई है। आंध्र प्रदेश औद्योगिक अवसंरचना निगम (APIIC) ने रायडेन इन्फोटेक की ओर से अडाणी इंफ्रा लिमिटेड को इन हब के लिए कुल 601.4 एकड़ भूमि आवंटित की है।
विस्तार
12 देशों में फैल जाएगा डाटा सेंटर्स का नेटवर्क
इन तीनों डाटा सेंटर्स की संयुक्त क्षमता 1 गीगावॉट होगी और इनके जुलाई, 2028 तक चालू होने की उम्मीद है। इनमें उच्च क्षमता वाले सबमरीन केबल, समर्पित केबल लैंडिंग स्टेशन और मेट्रो फाइबर लाइन जैसी तकनीकें होंगी। यह परियोजना अडाणी इंफ्रा के साथ साझेदारी में कार्यान्वित की जा रही है। इसके साथ उसके डाटा सेंटर नेटवर्क 12 देशों तक फैल जाएंगे। उसके अमेरिका, ताइवान, जापान, सिंगापुर, आयरलैंड, नीदरलैंड, डेनमार्क, फिनलैंड, जर्मनी, बेल्जियम और चिली में पहले से डाटा सेंटर हैं।