गूगल ने भारत में शुरू की जीमेल AI इनबॉक्स सेवा, जानिए किसके लिए होगा उपलब्ध
क्या है खबर?
गूगल ने भारत में जीमेल यूजर्स के लिए नया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित इनबॉक्स अनुभव शुरू कर दिया है। AI इनबॉक्स नामक यह फीचर अब गूगल AI प्लस और प्रो प्लान के ग्राहकों के लिए उपलब्ध हो रहा है। यह घोषणा जीमेल के आधिकारिक एक्स अकाउंट के माध्यम से की गई, जहां कंपनी ने पुष्टि की कि कई नए उत्पादकता-केंद्रित फीचर्स के साथ इसका रोलआउट शुरू हो गया। बता दें यह फीचर गूगल I/O 2026 में पेश किया गया है।
फायदा
AI से दे सकेंगे ईमेल के जवाब
यह फीचर AI द्वारा जनरेट की गई ईमेल असिस्टेंस, स्मार्ट टास्क मैनेजमेंट और फाइल इंटीग्रेशन जैसी सुविधाएं सीधे जीमेल के अंदर ही उपलब्ध कराता है। इसका सबसे बड़ा फीचर 'रेडी-टू-सेंड ड्राफ्ट्स' है। जीमेल अब ईमेल थ्रेड की सामग्री के आधार पर ऑटोमैटिक प्रासंगिक उत्तर तैयार कर सकता है। मैनुअल रूप से जवाब टाइप करने के बजाय यूजर AI द्वारा तैयार किए गए ड्राफ्ट्स को कुछ ही सेकेंड में देख और भेज सकते हैं।
तकनीक
इस तरह काम करता है यह फीचर
गूगल का कहना है कि यह फीचर इनबॉक्स का दबाव कम करने और यूजर्स को उन ईमेल का तुरंत जवाब देने में मदद करने के लिए बनाया गया है, जिन पर तुरंत कार्रवाई की आवश्यकता होती है। ये ड्राफ्ट बातचीत, अटैचमेंट और संबंधित कम्यूनिकेशन हिस्ट्री में उपलब्ध संदर्भ का उपयोग करके तैयार किए जाते हैं। जीमेल अब कार्रवाई योग्य ईमेल और कार्यों के बगल में संबंधित गूगल डॉक्स, शीट्स और स्लाइड्स के सीधे लिंक प्रदर्शित करेगा।