गूगल का नया AI मॉडल जीनी 4 लॉन्च, क्या है इसकी खासियत?
क्या है खबर?
गूगल ने जीनी 4 नाम का नया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल पेश किया है। कंपनी के मुताबिक, यह असली दुनिया जैसे नजारे बना सकता है। इसकी मदद से लोग अपनी पसंद की आभासी दुनिया तैयार कर सकेंगे और उसमें बदलाव भी कर सकेंगे। यह मॉडल सिर्फ तस्वीरें और वीडियो जैसे दृश्य ही नहीं बनाएगा, बल्कि संगीत, आसपास की आवाजें और बातचीत भी तैयार कर सकेगा। कंपनी का कहना है कि इससे लोगों को एक नया अनुभव मिलेगा।
खासियत
निर्देश देकर बदल सकेंगे मौसम और नजारे
जीनी 4 की मदद से लोग सामान्य भाषा में निर्देश देकर अपनी बनाई दुनिया में बदलाव कर सकेंगे।
उदाहरण के लिए, वे मौसम बदल सकते हैं, कैमरे की दिशा घुमा सकते हैं या किसी नए व्यक्ति और वस्तु को जोड़ सकते हैं। मॉडल इन निर्देशों के अनुसार दृश्य में बदलाव करेगा।
साथ ही, यह भी दिखाएगा कि किसी बदलाव का आसपास की चीजों पर क्या असर पड़ता है। इससे लोग अपनी जरूरत के मुताबिक अलग-अलग दुनिया बना सकेंगे।
अन्य खासियत
असली दुनिया जैसी आवाजें भी तैयार करेगा
गूगल के मुताबिक, जीनी 4 असली दुनिया में होने वाली गतिविधियों को भी दिखा सकता है।
इसमें हवा चलने और चीजों के आपस में टकराने जैसी घटनाएं शामिल हैं। यह बनाए गए दृश्यों के हिसाब से आवाजें भी तैयार करेगा। उदाहरण के लिए, पेड़ों से गुजरती हवा और समुद्र की लहरों की आवाज सुनाई दे सकती है।
इसके साथ जेमिनी पर आधारित एक सिस्टम भी काम करेगा, जो निर्देशों को समझकर आगे की गतिविधियां तय करने में मदद करेगा।
उपलब्धता
अभी चुनिंदा लोगों को मिलेगा इस्तेमाल का मौका
जीनी 4 को अभी रिसर्च के लिए भरोसेमंद परीक्षकों को उपलब्ध कराया गया है।
गूगल उनसे सुझाव लेकर मॉडल को बेहतर बनाना चाहती है। कंपनी की योजना आगे इसे प्रोजेक्ट जीनी के जरिए गूगल AI अल्ट्रा के ग्राहकों और जेमिनी API तथा गूगल AI स्टूडियो इस्तेमाल करने वाले शुरुआती साझेदारों तक पहुंचाने की है।
सुरक्षा के लिए मॉडल से तैयार वीडियो और ऑडियो में सिंथID वॉटरमार्क होंगे, ताकि AI से बने कंटेंट की पहचान की जा सके।