LOADING...
गूगल, माइक्रोसॉफ्ट और xAI नए AI मॉडल का सरकार को देंगे पहले एक्सेस
कंपनियां AI मॉडल का सरकार को देंगी पहले एक्सेस

गूगल, माइक्रोसॉफ्ट और xAI नए AI मॉडल का सरकार को देंगे पहले एक्सेस

May 05, 2026
07:39 pm

क्या है खबर?

अमेरिका में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर नई पहल शुरू की गई है। माइक्रोसॉफ्ट, गूगल और एलन मस्क की कंपनी xAI अब अपने नए AI मॉडल्स को पब्लिक में रिलीज करने से पहले सरकार को दिखाएंगी। इस कदम का मकसद यह जांचना है कि ये मॉडल कहीं राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा तो नहीं बन रहे। इससे सरकार को पहले ही संभावित जोखिम समझने और जरूरी कदम उठाने का मौका मिलेगा, जिससे सुरक्षा को बेहतर बनाया जा सके।

रिसर्च

सरकारी एजेंसी करेगी जांच और रिसर्च

अमेरिकी कॉमर्स डिपार्टमेंट के तहत काम करने वाली एजेंसी सेंटर फॉर AI स्टैंडर्ड्स एंड इनोवेशन इस प्रक्रिया को संभालेगी। यह एजेंसी नए AI मॉडल्स की क्षमता और उनके संभावित जोखिम का अध्ययन करेगी। इससे पहले भी एजेंसी 40 से ज्यादा AI मॉडल्स का परीक्षण कर चुकी है। कंपनियां टेस्ट के लिए ऐसे मॉडल भी देती हैं, जिनमें सुरक्षा से जुड़े कुछ कंट्रोल हटाए जाते हैं, ताकि असली जोखिम का सही आकलन किया जा सके।

चिंता

AI को लेकर बढ़ी वैश्विक चिंता

हाल के समय में एडवांस्ड AI सिस्टम्स को लेकर चिंता तेजी से बढ़ी है। विशेषज्ञों का मानना है कि ये तकनीक गलत हाथों में जाकर साइबर हमलों को बढ़ा सकती है। इसी वजह से सरकार और कंपनियां अब ज्यादा सतर्क हो गई हैं। इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि नई तकनीक का इस्तेमाल सुरक्षित तरीके से हो और इसका गलत उपयोग न हो, जिससे लोगों और संस्थाओं को नुकसान न पहुंचे।

Advertisement

उपयोग

डिफेंस सेक्टर में भी बढ़ रहा AI का उपयोग

इसी बीच अमेरिकी रक्षा विभाग भी AI तकनीक को तेजी से अपना रहा है। हाल ही में पेंटागन ने कई AI कंपनियों के साथ समझौता किया है, ताकि उनकी तकनीक को सैन्य सिस्टम में इस्तेमाल किया जा सके। इसका मकसद रक्षा क्षमताओं को मजबूत करना है। हालांकि, कुछ कंपनियों के साथ इस मुद्दे पर मतभेद भी सामने आए हैं। इससे साफ है कि AI का उपयोग बढ़ रहा है, लेकिन इसके साथ सावधानी भी जरूरी है।

Advertisement