गूगल मीट में आया रियल-टाइम स्पीच ट्रांसलेशन फीचर, जानिए कैसे करें उपयोग
क्या है खबर?
टेक दिग्गज कंपनी गूगल ने अपने मीटिंग ऐप गूगल मीट में रियल-टाइम स्पीच ट्रांसलेशन फीचर लॉन्च किया है। यह फीचर iOS और एंड्रॉयड यूजर्स के लिए लाया गया है, जिससे अलग-अलग भाषाओं में बातचीत करना आसान हो जाएगा। इससे पहले यह सुविधा वेब वर्जन पर दी गई थी। अब मोबाइल यूजर्स भी इस फीचर का इस्तेमाल कर सकेंगे और मीटिंग के दौरान भाषा की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी।
भाषा
इन भाषाओं को करता है सपोर्ट
फिलहाल यह फीचर इंग्लिश और स्पैनिश, फ्रेंच, जर्मन, पुर्तगाली और इटैलियन जैसी भाषाओं के बीच ट्रांसलेशन सपोर्ट करता है। मीटिंग के दौरान यूजर दूसरे व्यक्ति की बात का ट्रांसलेटेड वर्जन सुन सकते हैं, जिससे समझना आसान हो जाता है। हालांकि, यूजर अपनी खुद की आवाज का ट्रांसलेशन नहीं सुन पाते हैं। कंपनी ने बताया है कि भविष्य में और भाषाएं जोड़ी जाएंगी और इस फीचर को और बेहतर बनाया जाएगा।
अपडेट
कब मिलेगा सभी यूजर्स को अपडेट?
यह नया फीचर धीरे-धीरे सभी यूजर्स के लिए जारी किया जा रहा है। रैपिड रिलीज यूजर्स को यह पहले ही मिलना शुरू हो गया है, जबकि बाकी यूजर्स को 23 अप्रैल से यह सुविधा मिलने लगेगी। पूरी तरह से सभी डिवाइस तक पहुंचने में करीब 15 दिन का समय लग सकता है। अगर आपके फोन में यह फीचर अभी नहीं दिख रहा है, तो आपको थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है।
तरीका
ऐसे करें इस फीचर का इस्तेमाल
इस फीचर को इस्तेमाल करने के लिए आपको गूगल मीट ऐप की सेटिंग्स में जाना होगा। वहां टूल्स सेक्शन में जाकर स्पीच ट्रांसलेशन ऑप्शन को ऑन करना होगा। इसके बाद आप अपनी पसंद की भाषा चुन सकते हैं। ध्यान रहे कि एक समय में सिर्फ एक भाषा जोड़ी ही एक्टिव रहती है। यह फीचर मीटिंग के दौरान बातचीत को आसान बनाता है और अलग-अलग भाषाओं के लोगों से जुड़ना सरल कर देता है।