गूगल ने लॉन्च किया वेदरनेक्स्ट 3, अब AI बताएगा हर घंटे मौसम का हाल
क्या है खबर?
टेक दिग्गज कंपनी गूगल ने मौसम के बारे में जानकारी देने के लिए एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सिस्टम पेश किया है, जिसका नाम वेदरनेक्स्ट 3 है। कंपनी के मुताबिक, यह सिस्टम दुनिया भर के मौसम का ज्यादा साफ और तेज अनुमान दे सकता है। यह हर घंटे नया फोरकास्ट तैयार कर सकता है, जिससे बदलते मौसम, बारिश, तूफान और तेज हवाओं पर नजर रखना आसान होगा। इसे गूगल के कई प्रोडक्ट्स में इस्तेमाल किया जाएगा।
खासियत
5 किलोमीटर तक की बारीकी से अनुमान
वेदरनेक्स्ट 3 ज्यादा बारीकी से मौसम का अनुमान लगाने के लिए बनाया गया है।
गूगल के अनुसार, यह तापमान और नमी जैसी जानकारी 5 किलोमीटर तक के रेजोल्यूशन पर दे सकता है। दूसरे मौसम संबंधी आंकड़े 10 किलोमीटर और हवा की रफ्तार जैसे आंकड़े 25 किलोमीटर के स्तर पर मिल सकते हैं।
कंपनी का कहना है कि नया सिस्टम पुराने वेदरनेक्स्ट 2 के मुकाबले मौसम की तस्वीर करीब पांच गुना ज्यादा साफ दिखाता है।
काम
सैटेलाइट के ताजा डाटा से करता है काम
यह AI सिस्टम मौसम के पारंपरिक कंप्यूटर मॉडल पर ही निर्भर नहीं रहता।
वेदरनेक्स्ट 3 दुनियाभर के जियोस्टेशनरी सैटेलाइट से मिलने वाले ताजा डाटा का इस्तेमाल करता है और हर घंटे फोरकास्ट को अपडेट कर सकता है।
इसके साथ मौसम स्टेशनों की जानकारी भी ली जाती है, ताकि पहाड़, घाटी और समुद्र तट जैसे स्थानीय बदलावों को समझा जा सके। इससे तेज बारिश और बदलते तूफानों का अनुमान लगाने में मदद मिल सकती है।
अन्य
बारिश से लेकर ऊर्जा तक होगा इस्तेमाल
गूगल के मुताबिक, वेदरनेक्स्ट 3 बारिश के अनुमान को बेहतर बनाने के लिए आंकड़ों पर तैयार किया गया है।
इसे सौर और पवन ऊर्जा की योजना बनाने में इस्तेमाल किया जा सकता है, क्योंकि यह हवा की रफ्तार, बादलों और सौर विकिरण का अनुमान देता है। कंपनी इसे सर्च, जेमिनी, मैप्स और अर्थ इंजन प्रोडक्ट्स में जोड़ रही है।
गूगल का दावा है कि बारिश का अनुमान 50 प्रतिशत तक ज्यादा सटीक हो सकता है।