गूगल ने लॉन्च किया जेमिनी 4 नियॉन AI मॉडल, कोडिंग और रिसर्च में करेगा मदद
क्या है खबर?
गूगल ने अपने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल की सीरीज में नया मॉडल जेमिनी 4 नियॉन पेश किया है। इसे रोजमर्रा के मुश्किल कामों को कम समय में पूरा करने और बेहतर जवाब देने के लिए तैयार किया गया है। नए मॉडल के आने के बाद कंपनी ने जीमिनी ऐप में पहले मौजूद जेमिनी 4 आर्गन की जगह नियॉन को शामिल कर लिया है। वहीं, पुराने जेमिनी 3.1 प्रो मॉडल को अब बंद कर दिया गया है।
खासियत
कोडिंग और रिसर्च के काम में मिलेगी मदद
जेमिनी 4 नियॉन का इस्तेमाल कोडिंग, जानकारी जुटाने और बड़े डाटा को समझने जैसे कामों में किया जा सकता है।
गूगल के मुताबिक, यह जेमिनी 4 कार्बन के मुकाबले करीब 3 गुना तेजी से काम करता है और इसकी लागत भी लगभग 60 प्रतिशत कम है। यह लिखे हुए शब्दों के साथ आवाज, तस्वीर और वीडियो को भी समझ सकता है।
इसमें यूजर को अपनी जरूरत के अनुसार सोचने के 4 अलग-अलग स्तर चुनने का विकल्प मिलता है।
अन्य खासियत
गणित और साइबर सुरक्षा से जुड़े काम भी करेगा
नया मॉडल केवल सामान्य सवालों के जवाब देने तक सीमित नहीं है।
इसे गणित, विज्ञान और कारोबार से जुड़े मुश्किल कामों के लिए भी तैयार किया गया है। यह कानूनी दस्तावेजों की जांच, टैक्स से जुड़े काम और चार्ट में मौजूद जानकारी समझने में मदद कर सकता है।
साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में भी इसका इस्तेमाल किया जा सकता है। यह कंप्यूटर सिस्टम की कमजोरियों का पता लगाने और उन्हें ठीक करने में सहायता देता है।
कीमत
जेमिनी ऐप और डेवलपर्स के लिए उपलब्ध है मॉडल
जेमिनी 4 नियॉन को गूगल AI प्रो और अल्ट्रा प्लान वाले यूजर जेमिनी ऐप में डीपर एनालिसिस विकल्प के जरिए इस्तेमाल कर सकते हैं।
डेवलपर्स के लिए यह गूगल AI स्टूडियो और एंड्रॉयड स्टूडियो समेत दूसरे प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। इसकी कीमत 10 लाख इनपुट टोकन के लिए 3 डॉलर और आउटपुट टोकन के लिए 15 डॉलर रखी गई है।
वहीं, कैश्ड इनपुट के लिए 10 लाख टोकन की कीमत 15 सेंट तय की गई है।