गूगल ने भारत में अपना AI ऐप ड्रीमबीन्स किया लॉन्च, जानिए इसकी खासियत
क्या है खबर?
गूगल ने भारतीय यूजर्स के लिए ड्रीमबीन्स नाम का नया ऐप पेश किया है। इस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) ऐप के जरिए लोगों की रोजमर्रा की ऑनलाइन गतिविधियों और पसंद को आधार बनाकर उनके लिए खास कहानियां तैयार की जाएंगी। अमेरिका के बाद भारत पहला देश है, जहां इस ऐप को लॉन्च किया गया है। इसे एंड्रॉयड और आईफोन दोनों पर इस्तेमाल किया जा सकता है। फिलहाल ऐप में अंग्रेजी के साथ 13 भारतीय भाषाओं का विकल्प भी दिया गया है।
खासियत
अलग-अलग जानकारियों से समझेगा आपकी पसंद
ड्रीमबीन्स यूजर की अनुमति मिलने पर जीमेल, गूगल फोटोज, कैलेंडर, सर्च, यूट्यूब और जेमिनी जैसी सेवाओं से जानकारी ले सकता है।
इन जानकारियों के आधार पर ऐप हर दिन नई कहानियां तैयार करेगा। मसलन, आपकी पसंदीदा जगहों, कला से जुड़ी गतिविधियों, हस्तशिल्प के विचारों और आसपास होने वाले कार्यक्रमों के बारे में रोचक सामग्री दिखाई जा सकती है।
यूजर इन कहानियों को पढ़ने के साथ सहेज और दूसरों के साथ साझा भी कर सकेंगे।
तरीका
ऐप का इस्तेमाल करने के लिए क्या करना होगा?
इस ऐप को गूगल प्ले स्टोर या ऐपल ऐप स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है।
इसके बाद अपने निजी जीमेल अकाउंट से लॉगिन करना होगा। लॉगिन के दौरान यूजर तय कर सकते हैं कि वे गूगल की किन सेवाओं को ऐप से जोड़ना चाहते हैं। एक समय में केवल एक भाषा चुनी जा सकती है।
जरूरी सेवाओं की अनुमति देने के बाद ऐप यूजर की पसंद के मुताबिक कहानियां तैयार करना शुरू कर देगा।
गोपनीयता
निजी जानकारी पर यूजर का रहेगा नियंत्रण
गूगल के मुताबिक, ड्रीमबीन्स में तैयार होने वाली कहानियां केवल संबंधित यूजर को दिखाई देंगी।
ऐप का इस्तेमाल निजी जीमेल अकाउंट से ही किया जा सकेगा। यूजर जब चाहें, किसी भी जुड़ी हुई सेवा की पहुंच बंद कर सकते हैं। इसके अलावा, यूजर्स अपना डाटा हटाने का विकल्प भी चुन सकते हैं।
किसी सेवा से जुड़ी जानकारी हटाने पर उसका इस्तेमाल आगे कहानियों को व्यक्तिगत बनाने के लिए नहीं किया जाएगा।