जेमिनी AI को और तेज बनाने की तैयारी, गूगल नए AI प्रोसेसर पर कर रहा काम
क्या है खबर?
गूगल नए कस्टम AI सर्वर प्रोसेसर पर काम कर रही है, जिसका आंतरिक कोडनेम 'फ्रोजन वी2' बताया जा रहा है। द इन्फॉर्मेशन की रिपोर्ट के अनुसार, यह चिप जेमिनी आधारित सेवाओं को पहले से अधिक तेज और बेहतर बनाने के लिए तैयार की जा रही है। कंपनी का लक्ष्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जवाब देने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाना है। हालांकि, गूगल ने अभी तक इस प्रोजेक्ट की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
मदद
AI को तेजी से जवाब देने में मिलेगी मदद
नया प्रोसेसर AI इंफरेंस यानी यूजर्स को जवाब देने की प्रक्रिया को तेज करने के लिए तैयार किया जा रहा है।
इसमें जेमिनी मॉडल के कुछ हिस्सों को सीधे हार्डवेयर में जोड़ा जा सकता है। इससे AI अनुरोधों को कम समय में पूरा करने में मदद मिलेगी।
बिजली की खपत घटने और एक साथ ज्यादा AI अनुरोध संभालने की क्षमता भी बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे संचालन लागत कम होने की भी संभावना बताई जा रही है।
काम
मौजूदा चिप के साथ मिलकर करेगा काम
यह नया प्रोसेसर गूगल के मौजूदा टेंसर प्रोसेसिंग यूनिट यानी TPU की जगह नहीं लेगा।
इसके बजाय दोनों तकनीकें मिलकर अलग-अलग AI कार्यों को संभालेंगी। इससे गूगल अपने AI इंफ्रास्ट्रक्चर को अधिक मजबूत बना सकेगा।
इसके साथ ही, गूगल क्लाउड का इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों को भी बेहतर कंप्यूटिंग क्षमता और तेज AI सेवाएं मिलने की संभावना बताई जा रही है, जिससे अधिक यूजर्स को बेहतर अनुभव मिल सकता है।
इस्तेमाल
2028 तक हो सकता है इस्तेमाल शुरू
अगर विकास योजना तय समय पर पूरी हुई तो गूगल वर्ष 2028 की शुरुआत में इस नए AI प्रोसेसर का इस्तेमाल शुरू कर सकती है।
दावा किया गया है कि यह मौजूदा कस्टम AI हार्डवेयर की तुलना में कई गुना अधिक शक्तिशाली हो सकता है।
फिलहाल कंपनी ने सिर्फ इतना कहा है कि वह AI के लिए खास हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर विकसित करने में लगातार निवेश कर रही है, ताकि भविष्य की बढ़ती मांग को पूरा किया जा सके।