गूगल ने पेश किया नया वियर OS 7, कौन-कौन से फीचर्स हैं इसमें शामिल?
क्या है खबर?
गूगल ने अपने स्मार्टवॉच ऑपरेटिंग सिस्टम वियर OS 7 की घोषणा कर दी है। नए अपडेट में कई ऐसे फीचर दिए गए हैं जो स्मार्टवॉच को पहले से ज्यादा उपयोगी और पर्सनलाइज्ड बनाएंगे। गूगल का कहना है कि इस नए वर्जन में बैटरी लाइफ भी बेहतर होगी। वियर OS 6 से वियर OS 7 में अपग्रेड होने वाली घड़ियों में बैटरी करीब 10 प्रतिशत तक ज्यादा चल सकती है। आने वाले समय में इसमें जेमिनी इंटेलिजेंस का सपोर्ट भी मिलेगा।
फीचर
स्मार्टवॉच में मिलेंगे नए फीचर
वियर OS 7 में लाइव अपडेट्स फीचर दिया गया है, जिससे यूजर्स को वॉच फेस पर रियल टाइम जानकारी मिलेगी। इसके जरिए लोग फूड डिलीवरी, वर्कआउट और लाइव स्कोर जैसी जानकारी सीधे घड़ी पर देख सकेंगे। कंपनी ने नए डायनामिक विजेट्स भी जोड़े हैं, जिनकी मदद से मौसम, कैलेंडर और फिटनेस ऐप तक जल्दी पहुंच बनाई जा सकेगी। गूगल का कहना है कि इससे स्मार्टवॉच ज्यादा आसान और उपयोगी बन जाएगी और बार-बार फोन देखने की जरूरत कम होगी।
कंट्रोल
मीडिया और फिटनेस कंट्रोल होगा बेहतर
गूगल ने वियर OS 7 में नए मीडिया कंट्रोल फीचर भी जोड़े हैं। यूजर्स अब सीधे स्मार्टवॉच से ऑडियो आउटपुट बदल सकेंगे और ईयरबड्स या स्पीकर चुन पाएंगे। इसके अलावा नया वर्कआउट ट्रैकर भी दिया गया है, जो हार्ट रेट, फिटनेस एक्टिविटी और वर्कआउट प्रोग्रेस को ट्रैक करेगा। कंपनी ने बताया कि इसके लिए ASICS रनकीपर के साथ साझेदारी की गई है। इससे फिटनेस ऐप्स का अनुभव पहले से ज्यादा बेहतर और एक जैसा बनाया जाएगा।
अनुभव
AI फीचर से मिलेगा स्मार्ट अनुभव
गूगल ने जानकारी दी कि आने वाले कुछ डिवाइस में जेमिनी इंटेलिजेंस का सपोर्ट मिलेगा। इसके जरिए यूजर्स आवाज से कमांड देकर काम कर सकेंगे। उदाहरण के तौर पर लोग 'वर्कआउट शुरू करो' या 'प्लेलिस्ट चलाओ' जैसे आदेश दे पाएंगे। डेवलपर्स भी अपने ऐप्स को AI फीचर के साथ जोड़ सकेंगे। गूगल के अनुसार, इसका मकसद स्मार्टवॉच को ज्यादा स्मार्ट, तेज और रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए बेहतर बनाना है।