गूगल I/O 2026 इवेंट इस महीने होगा आयोजित, क्या कुछ हो सकती हैं घोषणाएं?
क्या है खबर?
गूगल की सालाना डेवलपर कॉन्फ्रेंस गूगल I/O 2026 की शुरुआत 19 मई से होने जा रही है। इस बार भी कंपनी अपने नए प्रोडक्ट और तकनीक से जुड़ी बड़ी घोषणाएं कर सकती है। हाल के वर्षों में गूगल का सबसे बड़ा फोकस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर रहा है। इस बार भी कंपनी कई नए AI फीचर्स और तकनीकों को पेश कर सकती है। इवेंट में सॉफ्टवेयर के साथ कुछ नए हार्डवेयर अपडेट भी देखने को मिल सकते हैं।
फीचर्स
AI फीचर्स और जेमिनी पर रहेगा खास फोकस
गूगल इस इवेंट में अपने AI मॉडल जेमिनी के नए अपडेट पेश कर सकता है। कंपनी AI को अपने अलग-अलग प्रोडक्ट्स में और ज्यादा जोड़ने की तैयारी कर रही है। वीओ, लिरिया और बीम जैसे AI प्रोजेक्ट्स से जुड़े नए फीचर्स भी सामने आ सकते हैं। हाल ही में जेमिनी में एक नया नोटबुक फीचर जोड़ा गया है, जिससे यूजर्स किसी खास विषय की जानकारी और सोर्स को एक ही जगह सेव करके आसानी से इस्तेमाल कर सकते हैं।
एंड्रॉयड XR
एंड्रॉयड XR ग्लास और नए OS की चर्चा
गूगल पिछले साल दिखाए गए एंड्रॉयड XR ग्लास को इस बार और विस्तार से पेश कर सकती है। यह प्रोडक्ट अब कॉन्सेप्ट से आगे बढ़कर असली डिवाइस के रूप में सामने आ सकता है। इसके अलावा, कंपनी एल्युमीनियम OS पर भी काम कर रही है। यह नया ऑपरेटिंग सिस्टम एंड्रॉयड और क्रोम OS को एक साथ जोड़ने का काम करेगा। इससे लैपटॉप और दूसरे डिवाइस पर बेहतर ब्राउजिंग और आसान अनुभव मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
अपडेट
आ सकते हैं एंड्रॉयड 17 के नए अपडेट
गूगल अपने नए मोबाइल ऑपरेटिंग सिस्टम एंड्रॉयड 17 से जुड़े नए फीचर्स की जानकारी भी दे सकता है। कंपनी फरवरी में इसका पहला बीटा वर्जन जारी कर चुकी है। इसके बाद तीन और बीटा अपडेट सामने आ चुके हैं। रिपोर्ट के अनुसार, एंड्रॉयड 17 का फाइनल वर्जन जून या जुलाई में लॉन्च हो सकता है। माना जा रहा है कि अपडेट अगले पिक्सल स्मार्टफोन लॉन्च से पहले पेश किया जाएगा और इसमें कई नए सुधार देखने को मिल सकते हैं।