भारत में जेमिनी AI का नया पर्सनल फीचर हुआ लॉन्च, जानिए इसकी खासियत
क्या है खबर?
गूगल ने भारत में अपने जेमिनी AI ऐप को और बेहतर बनाते हुए पर्सनल इंटेलिजेंस फीचर शुरू किया है। यह फीचर यूजर्स को ज्यादा समझदार और उनकी जरूरत के अनुसार जवाब देने के लिए बनाया गया है। कंपनी का कहना है कि यह फीचर पहले अमेरिका में शुरू हुआ था और अब भारत में धीरे-धीरे सभी योग्य यूजर्स तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल और आसान और उपयोगी बन सके।
जवाब
एक साथ कई ऐप से जानकारी देगा जवाब
इस नए फीचर के जरिए यूजर्स अपने जीमेल, गूगल फोटोज, यूट्यूब और सर्च को जेमिनी से जोड़ सकते हैं। इसके बाद जेमिनी इन सभी जगहों से जानकारी लेकर एक ही जवाब में पेश कर सकता है। जैसे अगर कोई यात्रा से जुड़ा सवाल पूछे, तो यह ईमेल, फोटो और सर्च हिस्ट्री से जानकारी जोड़कर पूरा जवाब देगा। इससे जवाब ज्यादा सही, आसान और उपयोगी बन जाते हैं और यूजर का समय भी बचता है।
प्राइवेसी
यूजर की प्राइवेसी और कंट्रोल पर ध्यान
कंपनी के अनुसार यह फीचर पूरी तरह वैकल्पिक है और अपने आप चालू नहीं होता है। यूजर खुद तय कर सकते हैं कि कौन-कौन से ऐप्स को जोड़ना है और जब चाहें इसे बंद भी कर सकते हैं। गूगल का कहना है कि इस फीचर में इस्तेमाल होने वाला डाटा सिर्फ जवाब देने के लिए लिया जाता है, इसे सीधे AI ट्रेनिंग के लिए इस्तेमाल नहीं किया जाता, जिससे यूजर्स की प्राइवेसी सुरक्षित रहती है।
उपलब्धता
किन यूजर्स के लिए उपलब्ध है यह फीचर
यह नया फीचर अभी भारत में जेमिनी के AI प्लस, प्रो और अल्ट्रा प्लान लेने वाले यूज़र्स के लिए उपलब्ध है। इसे वेब, एंड्रॉयड और iOS प्लेटफॉर्म पर इस्तेमाल किया जा सकता है। यूजर जेमिनी ऐप की सेटिंग में जाकर पर्सनल इंटेलिजेंस विकल्प को चालू कर सकते हैं। आने वाले समय में कंपनी इसे और ज्यादा लोगों तक पहुंचाने की योजना बना रही है, ताकि ज्यादा यूजर्स इसका फायदा उठा सकें।