गूगल डीपमाइंड के CEO डेमिस हसाबिस ने छोड़ा पद, अल्फाबेट में मिली नई जिम्मेदारी
क्या है खबर?
टेक दिग्गज कंपनी गूगल की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) यूनिट गूगल डीपमाइंड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) डेमिस हसाबिस ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। अब वह गूगल की मूल कंपनी अल्फाबेट में चेयर और चीफ साइंटिस्ट की नई जिम्मेदारी संभालेंगे। कंपनी का कहना है कि इस बदलाव का उद्देश्य आर्टिफिशियल जनरल इंटेलिजेंस (AGI) और नई वैज्ञानिक खोजों पर तेजी से काम करना है। यह फैसला गूगल की नई एआई रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
AI
नई जिम्मेदारी और AI पर रहेगा फोकस
हसाबिस ने कहा है कि नई भूमिका में वह लंबी अवधि की रणनीति और वैज्ञानिक शोध पर पूरा ध्यान दे सकेंगे।
उन्होंने कहा कि AGI अब पहले से ज्यादा करीब है और इसे सुरक्षित तथा मानवता के हित में विकसित करना सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी।
वह आइसोमॉर्फिक लैब्स का नेतृत्व भी जारी रखेंगे और गूगल डीपमाइंड की कई शोध टीमों को सलाह देते रहेंगे। सुंदर पिचई ने भी इस बदलाव का स्वागत किया है।
जिम्मेदारी
कोरे कावुकुओग्लू संभालेंगे नई जिम्मेदारी
गूगल डीपमाइंड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कोरे कावुकुओग्लू अब रोजमर्रा की जिम्मेदारियां संभालेंगे और सीधे अल्फाबेट के CEO पिचई को रिपोर्ट करेंगे।
वह जेमिनी मॉडल, फ्रंटियर AI रिसर्च, जेमिनी ऐप और डेवलपर टीमों की अगुवाई करेंगे। कंपनी का कहना है कि जेमिनी मॉडल का विकास तय योजना के अनुसार जारी रहेगा।
गूगल इस समय OpenAI, एंथ्रोपिक और चीन की कई नई AI कंपनियों से कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना कर रही है।
स्टार्टअप
जेफ डीन शुरू करेंगे नया AI स्टार्टअप
गूगल के वरिष्ठ AI वैज्ञानिक जेफ डीन भी 27 साल बाद कंपनी छोड़कर डिस्कवरी लूप नाम का नया स्टार्टअप शुरू करेंगे।
यह कंपनी मशीन लर्निंग, विज्ञान और इंजीनियरिंग की मदद से नई खोजों और रिसर्च को तेज करने पर काम करेगी। इस स्टार्टअप में कई अनुभवी AI शोधकर्ता शामिल होंगे।
गूगल इसकी शुरुआती निवेशक और क्लाउड पार्टनर भी बनेगी तथा दोनों संस्थाएं मिलकर भविष्य की एआई तकनीकों पर सहयोग करेंगी।