गूगल ने भारतीय डेवलपर्स और स्टार्टअप्स के लिए घोषित की नई AI पहल
क्या है खबर?
गूगल ने भारतीय डेवलपर्स, स्टार्ट-अप्स और कंपनियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) अपनाने में मदद करने के लिए नई पहल शुरू की हैं। इन पहलों की घोषणा I/O कनेक्ट इंडिया 2026 इवेंट में की गई और इनमें AI संचालित एजुकेशनल टूल्स और करिकुलम शामिल हैं। इस टेक कंपनी ने इकोसिस्टम पार्टनरशिप के प्रति अपनी प्रतिबद्धता पर भी जोर दिया, जो एजेंटिक AI के इस नए दौर में सुरक्षा को प्राथमिकता देती हैं।
करिकुलम
LLM बनाने की मिलेगी जानकारी
गूगल डीपमाइंड ने 'AI रिसर्च फाउंडेशन' करिकुलम लॉन्च किया है।
यह 56 घंटे का एक फ्री प्रोग्राम है, जिसे सीखने वालों को 'लार्ज लैंग्वेज मॉडल' (LLM) बनाना और उन्हें बेहतर बनाना सिखाने के लिए डिजाइन किया गया है।
इसे पूरा करने पर सीखने वाले गूगल क्लाउड स्किल बैज और सर्टिफिकेट पा सकते हैं। यह प्रोग्राम गूगल स्किल्स प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है।
ज्यादा लोगों तक पहुंचने के लिए नेस्कॉम और IISc बैंगलोर के साथ साझेदारी की गई है।
ATL साथी
अटल इनोवेशन मिशन के साथ बढ़ाया सहयोग
अटल इनोवेशन मिशन के साथ अपने सहयोग को और मजबूत करने के लिए गूगल डीपमाइंड ने ATL साथी लॉन्च किया है।
यह डेस्कटॉप वेब एप्लीकेशन शिक्षकों को अटल टिंकरिंग लैब्स के पाठ्यक्रम को पढ़ाने के लिए जेमिनी असिस्टेंट उपलब्ध कराता है।
इसके अलावा, जेमिनी लाइव अब संस्कृत, भोजपुरी और मैथिली जैसी 25 भारतीय भाषाओं और बोलियों को सपोर्ट करता है।
कंपनी ने फ्लिपकार्ट जैसे भरोसेमंद सरकारी और एंटरप्राइज टेस्टर के लिए एक खास साइबर-सिक्योरिटी एजेंट Sec-जेमिनी v3 पेश किया है।