रोजमर्रा के जीवन में AI कर रहा आपकी सहायता, जानिए कैसे
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल आज के समय में हम रोजाना कर रहे हैं। बहुत से फीचर्स को हम पहचान ही नहीं पाते हैं, लेकिन उनका उपयोग रोजाना करते हैं। इन्हें इनविजिबल AI यानी साफ तौर पर नहीं दिखने वाला AI फीचर कहा जाता है। यह तकनीक बैकग्राउंड में काम करते हुए हमारी डिजिटल सेवाओं को बेहतर बनाती है। हर दिन इसका उपयोग ईमेल, मैप, वीडियो, ऑनलाइन खरीदारी और मोबाइल जैसे प्लेटफॉर्म पर हो रहा है।
#1
जीमेल का स्पैम फिल्टर करता है AI का इस्तेमाल
AI के कारण ही जीमेल पर आने वाले फर्जी या अनचाहे ईमेल सीधे स्पैम फोल्डर में पहुंच जाते हैं।
यह हर ईमेल की भाषा, भेजने वाले की जानकारी और दूसरे संकेतों का विश्लेषण करती है। इसके बाद तय करती है कि ईमेल सुरक्षित है या स्पैम।
इससे यूजर्स का इनबॉक्स साफ रहता है और धोखाधड़ी वाले ईमेल से बचाव करने में भी मदद मिलती है, जिससे ऑनलाइन सुरक्षा पहले से काफी बेहतर बनी रहती है।
#2
नेटफ्लिक्स आपकी पसंद के अनुसार दिखाता है फिल्में
नेटफ्लिक्स पर हर यूजर को उसके स्क्रीन पर अलग-अलग फिल्में और वेब सीरीज का सजेशन दिखाई देती हैं।
इसके पीछे भी AI है, जो देखता है कि आपने पहले क्या देखा, किस तरह का कंटेंट पसंद किया और कितना समय देखा। इसके आधार पर AI नई फिल्मों और सीरीज की सिफारिश करता है।
इससे यूजर्स को अपनी पसंद का कंटेंट जल्दी से मिल जाती है और उन्हें कोई कंटेंट खोजने में बहुत समय नहीं बर्बाद करना पड़ता है।
#3
गूगल मैप बताता है सही रास्ता और ट्रैफिक
AI का एक ऐसा ही उदाहरण गूगल मैप भी है।
यह सड़क की स्थिति और अन्य यूजर्स के लोकेशन डाटा का विश्लेषण करके ट्रैफिक का अनुमान लगाता है। इसके आधार पर ऐप सबसे तेज और आसान रास्ता सुझाता है। अगर किसी सड़क पर जाम या दुर्घटना होती है, तो AI वैकल्पिक मार्ग भी दिखा देता है।
इससे यूजर के ईंधन और समय की बचत होती और यात्रा भी आसान हो जाता है।
#4
ऑनलाइन खरीदारी में भी AI करता है मदद
AI का बड़े स्तर इस्तेमाल अमेजन, फ्लिपकार्ट और दूसरी ऑनलाइन खरीदारी वेबसाइटों पर भी हो रहा है।
जब यूजर कोई सामान देखते या खरीदते हैं, तो AI आपकी पसंद को समझने की कोशिश करता है। इसके बाद उसी से जुड़े दूसरे उत्पादों की सिफारिश करता है। इससे ग्राहकों को जरूरत का सामान आसानी से मिल जाता है।
कंपनियां भी ग्राहकों की पसंद के अनुसार बेहतर सेवाएं दे पाती हैं और खरीदारी का अनुभव पहले से अधिक सुविधाजनक बना देती हैं।
#5
मोबाइल कीबोर्ड और कैमरे में भी मौजूद है AI
स्मार्टफोन का कीबोर्ड टाइप करते समय अगले शब्द का सुझाव देता है और कई बार गलत शब्द अपने आप ठीक कर देता है।
वहीं, मोबाइल कैमरा फोटो लेते समय चेहरा पहचानना, रोशनी के अनुसार तस्वीर बेहतर बनाना और तस्वीरों को अलग-अलग श्रेणियों में रखना भी AI की मदद से करता है।
यह सब बिना किसी अतिरिक्त मेहनत के अपने आप होता रहता है और यूजर्स को बेहतर परिणाम देता है।