फायरफ्लाइज ने पेश किया नया AI ईमेल असिस्टेंट, अब खुद लिखेगा रिप्लाई
फायरफ्लाइज डॉट AI ने एक नया ईमेल असिस्टेंट पेश किया है, जो ईमेल से जुड़े आपके कई कामों को चुटकियों में निपटा देगा। यह आपके मैसेजों को व्यवस्थित करता है और आपकी पुरानी मीटिंग्स की जानकारी का इस्तेमाल कर के आपके लिए जवाब का ड्राफ्ट भी तैयार कर देता है।
अगर आपके ईमेल का कोई जवाब नहीं देता तो यह खुद ही फॉलो-अप रिप्लाई भी बना देगा। आप अपने जवाब का टोन भी बदल सकते हैं, लेकिन आपकी इजाजत के बिना कोई भी ईमेल अपने आप नहीं भेजा जाएगा।
आस्कफ्रेड से ईमेल को ढूंढना आसान
यह असिस्टेंट आपके ईमेल, मीटिंग और स्लैक से खास जानकारी और एक्शन आइटम्स को इकट्ठा करके डेली ब्रीफ्स में समेट देता है। इसमें 'आस्कफ्रेड' नाम का एक स्मार्ट सर्च टूल भी दिया गया है, जिसकी मदद से आप ईमेल को आसानी से ढूंढ सकते हैं या उनका सारांश देख सकते हैं।
सबसे अच्छी बात यह है कि यह फीचर सभी फायरफ्लाइज प्लान में मिलेगा, यहां तक कि फ्री वाले में भी। कंपनी ने भरोसा दिलाया है कि आपका डाटा प्राइवेट रखा जाएगा और AI को ट्रेन करने के लिए उसका इस्तेमाल बिल्कुल नहीं होगा।