FBI कर रहा NCIC में हैकिंग की जांच, ट्रंप ने भी इस पर चिंता जताई
क्या है खबर?
संघीय जांच ब्यूरो (FBI) 'नेशनल क्राइम इंफॉर्मेशन सेंटर' (NCIC) में हुए संभावित हैक की जांच कर रहा है। NCIC एक ऑनलाइन डाटाबेस है, जिसका इस्तेमाल संघीय और स्थानीय कानून प्रवर्तन एजेंसियां वारंट, बैकग्राउंड चेक और अन्य जानकारियों को साझा करने के लिए करती हैं। इस सेंधमारी का दायरा अभी तक स्पष्ट नहीं है। सितंबर में FBI ने कथित तौर पर अपने एजेंट्स और सपोर्ट स्टाफ को बताया कि एक साइबर हमले में उनकी निजी जानकारी चोरी हो गई है।
चिंता
अधिकारियों को क्या है चिंता?
FBI के एक पूर्व अधिकारी ने CNN को बताया कि उन्हें केवल इस बात की चिंता नहीं है कि क्या हैकर्स संवेदनशील जानकारी तक पहुंच गए हैं।
उन्हें इस बात की भी चिंता है कि क्या वे उस जानकारी की सटीकता से छेड़छाड़ कर सकते हैं, जिस पर अधिकारी भरोसा करते हैं।
ब्यूरो के डाटाबेस में सेंध की यह घटना पिछले सप्ताह अमेरिका में बैंकिंग, एयर ट्रैफिक कंट्रोल और अन्य क्षेत्रों में आई तकनीकी रुकावटों के बाद सामने आई है।
बयान
ट्रंप ने कहा- घटना से सीखें
फॉक्स न्यूज के साथ एक साक्षात्कार के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इन रिपोर्ट्स पर बात करते हुए कहा, "हमें अभी-अभी इसके बारे में पता चला है और मैं कहूंगा कि यह अच्छी बात नहीं है।"
साथ ही ट्रंप ने यह भी कहा कि इस सेंधमारी की वजह से शायद हमें ऐसी बातें पता चल जाएं, जो हमें कभी पता नहीं चलतीं क्योंकि आपको याद ही होगा कि पहले रूस वाला पूरा मामला एक धोखा था।