Page Loader
फेसबुक ने लॉन्च किया म्यूजिक वीडियो ऐप 'कोलैब', जानें क्या है खास

फेसबुक ने लॉन्च किया म्यूजिक वीडियो ऐप 'कोलैब', जानें क्या है खास

Dec 15, 2020
07:36 pm

क्या है खबर?

सोशल मीडिया कंपनी फेसबुक इस साल मई में एक्सपेरिमेंटल ऐप 'कोलैब' (Collab) लेकर आई थी। इस ऐप को अब अमेरिका में आईफोन यूजर्स के लिए लॉन्च कर दिया गया है और ऐपल ऐप स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। ऐप पर यूजर्स म्यूजिक तैयार कर उसका वीडियो बाकियों के साथ शेयर कर सकते हैं। तैयार किए गए म्यूजिक क्लिप्स का इस्तेमाल प्लेटफॉर्म पर मौजूद बाकी यूजर्स नया म्यूजिक बनाने के लिए कर सकते हैं।

फीड

ऐप में है ढेर सारे वीडियोज की फीड

कोलैब ऐप में शॉर्ट वीडियो शेयरिंग प्लेटफॉर्म टिक-टॉक जैसी फीड देखने को मिलती है। एक के बाद एक वीडियो आप स्क्रॉल करते हुए देख सकते हैं और जो म्यूजिक आपको पसंद आए उसका वीडियो लाइक या फिर शेयर कर सकते हैं। इसके अलावा आपको किसी का म्यूजिक पसंद आ रहा है तो उसका प्रोफाइल लाइक किया जा सकता है। जैसे ही आपकी पसंद का वह क्रिएटर कोई नया वीडियो पोस्ट करेगा, आपको नोटिफिकेशन मिल जाएगा।

कोलैबरेशन

साथ मिलकर बनाएं म्यूजिक

अगर आप भी म्यूजिक बनाना चाहते हैं और ऐप पर मौजूद बाकी म्यूजिशियंस के साथ कोलैब करना है, तो यह विकल्प भी मिलता है। ऐप में तीन अलग-अलग वीडियो तीन टैब में स्प्लिट करके नया म्यूजिक बनाया जा सकता है। यानी कि अपने म्यूजिक क्लिप के साथ बाकियों का म्यूजिक मिक्स करने का विकल्प भी आपके पास होता है। आप प्लेटफॉर्म पर मौजूद ढेरों वीडियोज में से कोई भी चुन सकते हैं।

क्रेडिट

ओरिजनल आर्टिस्ट को क्रेडिट

ऐप पर शेयर किए गए सभी वीडियोज पब्लिक होते हैं, इसका मतलब है कि सभी यूजर्स एकदूसरे के क्लिप्स इस्तेमाल कर सकते हैं। किसी भी नए कोलैबरेशन वीडियो में क्लिप इस्तेमाल किए जाने पर ओरिजनल आर्टिस्ट को उसका क्रेडिट भी दिया जाता है। इस तरह कई क्लिप्स को मिक्स करते हुए ऐप पर कमाल के नए म्यूजिक पीस तैयार किए जा सकते हैं। आप इन क्लिप्स को फेसबुक, इंस्टाग्राम और टिक-टॉक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर शेयर कर सकते हैं।

सुधार

फेसबुक ने ऐप में किए कई बदलाव

सोशल मीडिया कंपनी ने कोलैब ऐप इस साल मई महीने में अमेरिका और कनाडा में लॉन्च किया था, उसके बाद से इसमें कई सुधार किए गए हैं। अब तक बीटा यूजर्स के साथ टेस्ट किए गए इस ऐप में फेसबुक ने ऑडियो सिंक करने की क्षमता और अलग-अलग फोन्स पर इसके काम करने के तरीके को बेहतर बनाया है। TechCrunch की रिपोर्ट में कहा गया है कि फेसबुक ने ऐप पर इलेक्ट्रॉनिक म्यूजिक इंस्ट्रूमेंट्स का सपोर्ट भी शामिल किया है।