एलन मस्क ने AI को लेकर दी चेतावनी, कहा- यह हम सबको मार सकता है
क्या है खबर?
एलन मस्क ने कैलिफोर्निया की अदालत में OpenAI के खिलाफ दायर मुकदमें सुनवाई के दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के भविष्य को लेकर गंभीर चेतावनी दी है। गवाही में उन्होंने कहा कि AI या तो मानवता का सबसे बड़ा टूल बन सकता है या उसका सबसे बड़ा खतरा। टेस्ला प्रमुख ने कहा कि यह तकनीक तेजी से आगे बढ़ रही है और दुनिया को इस बात को लेकर सतर्क रहना चाहिए कि यह किस दिशा में ले जा रही है।
तुलना
AI की टर्मिनेटर फिल्म से की तुलना
AI सिस्टम्स के बारे में बात करते हुए मस्क ने अदालत से कहा, "यह हम सभी को खत्म कर सकता है।" उन्होंने आगे कहा कि मानवता को टर्मिनेटर फिल्म में दिखाए गए अंधकारमय भविष्य से बचना चाहिए और इसके बजाय स्टार ट्रेक फिल्म से प्रेरित एक अधिक आशावादी दृष्टिकोण की ओर बढ़ना चाहिए। यह भी बताया कि AI को लेकर उनकी आशंकाएं नई नहीं हैं। ये 2015 में गूगल के सह-संस्थापक लैरी पेज के साथ हुई बातचीत से जुड़ी हैं।
तर्क-वितर्क
दोनों पक्षों के वकीलों ने दिए ये तर्क
अदालत में मस्क की यह गवाही उनकी ओर से OpenAI पर किए गए मुकदमे की सुनवाई के दौरान हुई है। उनके वकील ने इस मुकदमे को व्यापारिक प्रतिद्वंद्विता के बजाय सिद्धांत का मामला बताने की कोशिश की है। विपक्षी वकीलों ने इसका कड़ा विरोध करते हुए जूरी को बताया कि मस्क ने आपत्ति तभी जतानी शुरू की जब ChatGPT के साथ OpenAI को सफलता मिली। मस्क इसलिए नाराज हैं, क्योंकि कंपनी उनकी अनुपस्थिति में सफल हो गई।