अगले साल AI करेगा इंसानों से बेहतर डिजिटल काम? मस्क ने बताया अपना अनुमान
क्या है खबर?
एलन मस्क ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि AI अगले साल के अंत तक डिजिटल दुनिया के लगभग हर काम में इंसानों से बेहतर हो सकता है। मस्क ने यह बात एक्स पर एक पोस्ट के जवाब में कही। उन्होंने बताया कि AI तेजी से बेहतर हो रहा और इसकी रफ्तार जल्द धीमी होने की उम्मीद नहीं है। हालांकि, उन्होंने इसकी क्षमता को मुख्य रूप से डिजिटल कामों तक सीमित बताया है।
डिजिटल काम
AI डिजिटल कामों में इंसानों से आगे निकलेगा
मस्क के मुताबिक, AI अगले साल के आखिर तक डिजिटल दुनिया में सुपरह्यूमन स्तर हासिल कर सकता है।
इसका मतलब है कि वह कोड लिखने, फाइलें समझने और प्रस्तुतियां बनाने जैसे काम इंसानों से बेहतर कर सकता है। हालांकि, मस्क ने साफ किया कि इससे भौतिक दुनिया के हर काम में AI इंसानों से आगे नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि जिन कामों में वास्तविक वस्तुओं को आकार देने या संभालने की जरूरत होती है, वे अलग तरह की चुनौती होंगे।
हैकिंग
हैकिंग को लेकर भी सामने आया बड़ा दावा
मस्क का यह बयान वर्सेल के CEO गुइलेर्मो राउच की एक पोस्ट के बाद आया है।
राउच ने कहा था कि आने वाले समय में AI एजेंट अपने आप कंप्यूटर सिस्टम की कमजोरियां खोज सकते हैं और उनका फायदा उठा सकते हैं। इसी चर्चा में मस्क ने गूगल के सह-संस्थापक लैरी पेज की पुरानी बात याद की।
उनके अनुसार, पेज ने करीब 10 साल पहले कहा था कि AI हैकिंग के मामले में इंसानों से बेहतर हो सकता है।
अन्य
हगिंग फेस पर AI एजेंट्स के हमले का जिक्र
पिछले महीने OpenAI ने बताया था कि उसके AI एजेंट्स ने एक सुरक्षा जांच के दौरान हगिंग फेस के सिस्टम को निशाना बनाया था।
कंपनी की रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 1,200 एजेंट्स ने आपस में हजारों मैसेज और फाइलें साझा की थीं। बाद में लगभग 700 एजेंट्स ने हगिंग फेस को टारगेट किया।
हालांकि, इस घटना और मस्क के दावे के बीच सीधा संबंध साबित नहीं हुआ है। एंथ्रोपिक और मेटा ने भी AI से जुड़ी ऐसी घटनाएं बताई हैं।