एक्स पर जल्द लॉन्च होगा बैंकिंग टूल, एलन मस्क की सुपर ऐप बनाने की कोशिश
क्या है खबर?
ट्विटर (अब एक्स) का अधिग्रहण करने के 3 साल से अधिक समय बाद एलन मस्क इस प्लेटफॉर्म को सुपर ऐप बनाने के बहुत करीब पहुंच गए हैं। उनका इस ऐप पर यूजर्स को सब कुछ उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। उन्होंने इस महीने इसमें एक नया फाइनेंशियल सर्विसेज टूल को आम जनता के लिए लॉन्च करने का वादा किया है। एक्स मनी नाम का यह टूल सोशल नेटवर्क के भीतर एक बैंकिंग और भुगतान प्लेटफॉर्म है।
परीक्षण
परीक्षण में इन खासियतों का चला पता
एक्स मनी की सर्विस का परीक्षण कर रहे शुरुआती यूजर्स ने इसके आकर्षक लाभों की प्रशंसा की है। इनमें योग्य खरीदारी पर 3 फीसदी कैशबैक और नकद बचत पर 6 फीसदी ब्याज दर शामिल है, जो राष्ट्रीय औसत से लगभग 15 गुना अधिक है। रिपोर्ट के अनुसार, मस्क के नए उत्पाद में मुफ्त पीयर-टू-पीयर ट्रांसफर, यूजर के एक्स हैंडल से मेटल वीजा डेबिट कार्ड और खर्चों को ट्रैक करने वाला xAI का AI टूल मिलने की भी उम्मीद है।
लक्ष्य
सोशल मीडिया और फाइनेंस का होगा संगम
मस्क भुगतान को एक ऐसे सुपर ऐप के निर्माण के लिए महत्वपूर्ण मानते हैं, जो चीन के लोकप्रिय सोशल प्रोडक्ट्स के समान हो। उन्होंने फरवरी में कहा था, "हम चाहते हैं कि यह ऐसा हो कि यदि आप चाहें तो एक्स ऐप पर अपना पूरा जीवन जी सकें।" अगर, यह सफल होता है तो एक्स मनी सोशल मीडिया और फाइनेंस में ऐसी जगह बनाएगा जैसा किसी अमेरिकी उत्पाद ने इतने बड़े पैमाने पर करने की कोशिश नहीं की है।