AI के भविष्य पर एलन मस्क की नई राय, बताया कब तक आएगा AGI
क्या है खबर?
एलन मस्क ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया है। द इकोनॉमिस्ट को दिए एक इंटरव्यू में मस्क ने कहा कि AI अब ऐसे चरण में पहुंच चुका है, जहां इसके विकास को रोकना न तो व्यावहारिक है और न ही जरूरी। उन्होंने माना कि इससे कुछ जोखिम जरूर हैं, लेकिन दुनिया को इसे रोकने के बजाय सुरक्षित और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए।
AGI
पांच साल में आ सकता है AGI
मस्क का अनुमान है कि अगले करीब पांच साल में आर्टिफिशियल जनरल इंटेलिजेंस (AGI) इंसानों की कुल बुद्धिमत्ता से आगे निकल सकता है।
उनका कहना है कि अगर इस दौरान कोई बड़ी वैश्विक आपदा नहीं होती, तो AI समाज में बड़ा बदलाव ला सकता है।
इससे कई चीजों की कमी कम हो सकती है और लोगों को जरूरत की सुविधाएं पहले से कहीं अधिक आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी। इससे काम करने में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
फायदे
AI के फायदे बताए ज्यादा बड़े
मस्क ने कहा कि AI और रोबोट से कुछ खतरे पूरी तरह खत्म नहीं हुए हैं, लेकिन इसके फायदे उनसे कहीं अधिक हो सकते हैं।
उनका मानना है कि अगर AI का सही तरीके से उपयोग किया जाए, तो यह अर्थव्यवस्था, उद्योग, शिक्षा और कई अन्य क्षेत्रों में बड़ा बदलाव ला सकता है।
इसलिए इसका विकास रोकने के बजाय संभावित जोखिमों को कम करने के लिए लगातार काम किया जाना चाहिए।
सुरक्षा
सुरक्षा और नियमों पर भी दिया जोर
मस्क ने कहा कि भविष्य के AI सिस्टम ऐसे बनाए जाने चाहिए, जो मानवता की भलाई और सुरक्षा को सबसे पहले रखें।
उन्होंने यह भी कहा कि AI विकसित करने वाली कंपनियों को सुरक्षा और संभावित जोखिमों पर नियमित चर्चा करते रहना चाहिए।
उनके अनुसार, आपसी सहयोग और जवाबदेही बढ़ाने से समय रहते खतरों की पहचान की जा सकती है।
इससे AI का विकास सुरक्षित, जिम्मेदार और लोगों के हित में आगे बढ़ सकेगा।