न्यूरालिंक के मरीज ने बिना कंट्रोलर पकड़े दिमाग से खेला GTA 6, वीडियो वायरल
क्या है खबर?
एलन मस्क की कंपनी न्यूरालिंक ने एक ऐसा वीडियो साझा किया है, जिसने गेमिंग और तकनीक की दुनिया में लोगों का ध्यान खींचा है। वीडियो में एक व्यक्ति बिना हाथों का इस्तेमाल किए GTA 6 खेलता दिखाई दे रहा है। वह न तो कंट्रोलर पकड़ता है और न ही उंगलियों से कोई बटन दबाता है। इसके बजाय दिमाग में लगाए गए एक खास इम्प्लांट की मदद से गेम की गतिविधियों को नियंत्रित कर रहा है।
वीडियो
एलन मस्क ने भी साझा किया न्यूरालिंक का वीडियो
कंपनी ने यह वीडियो एक्स पर पोस्ट किया। इसके साथ लिखा गया कि व्यक्ति न्यूरालिंक की मदद से GTA 6 खेल रहा है।
मस्क ने भी इस वीडियो को अपने अकाउंट से साझा किया और इसे टेलीपैथी के जरिए गेम खेलने का उदाहरण बताया। वीडियो में गेम के साथ एक दूसरी स्क्रीन भी दिखाई गई है, जहां दिमाग से मिलने वाले संकेत दर्ज हो रहे हैं।
इन संकेतों के आधार पर कंट्रोलर के अलग-अलग बटन सक्रिय होते दिखते हैं।
तरीका
कैसे दिमाग के संकेतों से चलता है गेम?
इस पूरी प्रक्रिया में ब्रेन-कंप्यूटर इंटरफेस तकनीक काम करती है।
इसमें दिमाग की गतिविधियों को पहचानकर उन्हें मशीन के समझने लायक निर्देशों में बदला जाता है। न्यूरालिंक का इम्प्लांट व्यक्ति के दिमाग से निकलने वाले संकेतों को पकड़ता है।
इसके बाद सॉफ्टवेयर उन्हें डिजिटल कमांड में बदल देता है। हाथ हिलाने के बारे में सोचने पर स्क्रीन पर कर्सर चलाया जा सकता है। इसी तरीके से गेम के बटन और दूसरी गतिविधियां नियंत्रित की जा सकती हैं।
उद्देश्य
लकवे से प्रभावित लोगों की मदद करना है मुख्य उद्देश्य
न्यूरालिंक इस तकनीक को उन लोगों की मदद के लिए विकसित कर रही है, जो लकवे के कारण अपने हाथों से डिजिटल उपकरण नहीं चला पाते।
कंपनी का लक्ष्य उन्हें कंप्यूटर और अन्य मशीनों पर नियंत्रण पाने में सक्षम बनाना है। इसके जरिए व्हीलचेयर और रोबोटिक हाथ चलाने की संभावनाओं पर भी काम हो रहा है।
वीडियो में दिखे व्यक्ति को इम्प्लांट लगने से पहले आईपैड चलाने के लिए मुंह से पकड़ी जाने वाली छड़ी का सहारा लेना पड़ता था।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें वीडियो
Playing GTA VI with a Neuralink pic.twitter.com/ViFjXK9OSV
— Neuralink (@neuralink) November 20, 2026