एलन मस्क ने टेराफैब प्रोजेक्ट का किया ऐलान, जानिए क्या है इसका उद्देश्य
क्या है खबर?
अरबपति एलन मस्क ने अपने एक नए बड़े प्रोजेक्ट 'टेराफैब' की घोषणा की है। यह प्रोजेक्ट टेस्ला, स्पेस-X और xAI के साथ मिलकर बनाया जाएगा। मस्क ने इसे अब तक की सबसे बड़ी चिप बनाने वाली फैक्ट्री बताया है। उनका कहना है कि यह प्रोजेक्ट भविष्य की बढ़ती जरूरतों को पूरा करेगा और नई तकनीक के विकास में अहम भूमिका निभाएगा। टेराफैब प्रोजेक्ट टेक्नोलॉजी सेक्टर में बड़ा बदलाव ला सकता है।
प्रोजेक्ट
क्या है टेराफैब प्रोजेक्ट का लक्ष्य?
मस्क के अनुसार, टेराफैब का मकसद हर साल बहुत बड़ी मात्रा में कंप्यूटिंग पावर तैयार करना है, ताकि चिप्स की बढ़ती मांग पूरी की जा सके। उन्होंने कहा कि मौजूदा कंपनियां उनकी जरूरत का केवल छोटा हिस्सा ही पूरा कर पा रही हैं। मस्क ने साफ कहा, "या तो हम टेराफैब बनाएंगे या हमारे पास चिप्स नहीं होंगे।" इस प्रोजेक्ट के जरिए भविष्य की तकनीकी जरूरतों को पूरा करने की तैयारी की जा रही है।
खर्च
कितना आएगा प्रोजेक्ट पर खर्च?
इस बड़े प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत करीब 20 अरब डॉलर यानी लगभग 1,900 अरब रुपये बताई जा रही है, जो इसे दुनिया के सबसे महंगे टेक प्रोजेक्ट्स में शामिल करता है। टेराफैब की शुरुआत अमेरिका के ऑस्टिन, टेक्सास में की जाएगी, जहां पहले से टेस्ला का मुख्यालय मौजूद है। इस फैक्ट्री में अलग-अलग तरह के चिप्स बनाए जाएंगे, जो जमीन पर इस्तेमाल होने वाली तकनीक और अंतरिक्ष से जुड़े कामों दोनों के लिए काम आएंगे।
चुनौतियां
भविष्य की योजना और चुनौतियां
मस्क का कहना है कि यह प्रोजेक्ट भविष्य में स्पेस और AI तकनीक को नई दिशा देगा और आने वाले समय में इसकी जरूरत और बढ़ेगी। हालांकि, पहले भी मस्क के कई प्रोजेक्ट्स उम्मीदों पर पूरी तरह खरे नहीं उतरे हैं, जिससे कुछ सवाल भी उठ रहे हैं। इसके बावजूद टेराफैब को एक बड़े और महत्वाकांक्षी कदम के रूप में देखा जा रहा है, जो तकनीक की दुनिया को बदल सकता है।