AI के विकास की रफ्तार तय करने की तैयारी, OpenAI के वैज्ञानिक ने दिया नया प्रस्ताव
क्या है खबर?
AI तकनीक जिस तेजी से आगे बढ़ रही है, उसे लेकर सुरक्षा की चिंता बढ़ने लगी है। इसी मुद्दे पर OpenAI के मुख्य वैज्ञानिक जैकब पचोकी ने एक प्रस्ताव पेश किया है। इसमें उन्होंने बताया है कि AI की बढ़ती क्षमता को किस तरह मापा जा सकता है और उसके विकास पर सीमा कैसे तय की जा सकती है। OpenAI प्रमुख सैम ऑल्टमैन ने इस सुझाव को अहम बताते हुए दूसरी कंपनियों से भी साथ आने की अपील की है।
सुझाव
पर्प्लेक्सिटी से पता चलेगी AI मॉडल की क्षमता
पचोकी ने AI की प्रगति पर नजर रखने के लिए पर्प्लेक्सिटी नाम का पैमाना अपनाने का सुझाव दिया है।
इससे पता चलता है कि कोई मॉडल आगे आने वाले शब्द या टेक्स्ट का अनुमान कितनी सटीकता से लगा सकता है। इस पैमाने पर कम स्कोर बेहतर माना जाता है।
पचोकी का कहना है कि सामान्य परीक्षणों के नतीजे जल्द पुराने हो जाते हैं, जबकि पर्प्लेक्सिटी से मॉडल को प्रशिक्षण देने के दौरान होने वाले सुधार का पता लगाया जा सकेगा।
मॉडल
GPT-4 के बाद मुश्किल काम करने में बेहतर हुए AI मॉडल
अपने प्रस्ताव को समझाने के लिए पचोकी ने OpenAI के पुराने और नए मॉडलों के स्कोर का चार्ट भी साझा किया।
उनके अनुसार, GPT-4 का पर्प्लेक्सिटी स्कोर करीब 0.91 होने पर उसने कठिन सवालों को कई चरणों में हल करने की बेहतर क्षमता दिखाई थी। अब कंपनी के मॉडल 0.8 से कम स्कोर तक पहुंच गए हैं।
पचोकी के मुताबिक, इस स्तर पर पहुंचने से गणित और साइबर सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में AI की क्षमताएं काफी बढ़ी हैं।
तैयारी
सुरक्षा की तैयारी के बिना आगे नहीं बढ़ेंगे AI मॉडल?
प्रस्ताव के मुताबिक, AI कंपनियों को एक ऐसा साझा पैमाना तय करना चाहिए, जिसके आधार पर मॉडल के विकास की सीमा निर्धारित हो सके।
कंपनियां किसी मॉडल को तय स्तर से आगे प्रशिक्षित करने से पहले यह सुनिश्चित करेंगी कि उसके व्यवहार को समझने और नियंत्रित करने की पर्याप्त व्यवस्था मौजूद है।
ऑल्टमैन का मानना है कि बड़ी कंपनियों के एक जैसे सुरक्षा नियम अपनाने से प्रतिस्पर्धा के दौरान कोई कंपनी सुरक्षा से समझौता करने के लिए मजबूर नहीं होगी।