डिस्कॉर्ड ने सभी यूजर्स के लिए शुरू की एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड कॉलिंग
क्या है खबर?
डिस्कॉर्ड ने अपने सभी यूजर्स के लिए एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड वॉइस और वीडियो कॉलिंग फीचर शुरू कर दिया है। कंपनी के अनुसार, अब यूजर्स की कॉल पूरी तरह सुरक्षित रहेगी और कोई तीसरा व्यक्ति उन्हें नहीं सुन सकेगा। डिस्कॉर्ड ने बताया कि इस फीचर के बाद खुद कंपनी भी यूजर्स की निजी बातचीत नहीं सुन पाएगी। इससे प्लेटफॉर्म पर प्राइवेसी और सुरक्षा पहले से ज्यादा मजबूत होगी और लोगों को सुरक्षित बातचीत का अनुभव मिलेगा।
फीचर
बिना किसी सेटिंग के मिलेगा फीचर
डिस्कॉर्ड ने जानकारी दी कि यह फीचर सभी यूजर्स के लिए अपने आप चालू कर दिया गया है। कंपनी के अनुसार, लोगों को इसे इस्तेमाल करने के लिए अलग से कोई सेटिंग बदलने या ऑप्शन ऑन करने की जरूरत नहीं होगी। डिस्कॉर्ड ने बताया कि स्टेज चैनल्स को छोड़कर अब सभी वॉइस और वीडियो कॉल में एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन लागू रहेगा। कंपनी का कहना है कि इसका मकसद यूजर्स को ज्यादा सुरक्षित और निजी कम्युनिकेशन सुविधा देना है।
टेस्टिंग
पहले भी शुरू कर चुका था टेस्टिंग
डिस्कॉर्ड ने 2024 में एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड वॉइस और वीडियो कॉलिंग फीचर की शुरुआत की थी। कंपनी ने अब इसे सभी यूजर्स तक पहुंचा दिया है। डिस्कॉर्ड के कोर टेक्नोलॉजी विभाग के उपाध्यक्ष मार्क स्मिथ ने एक ब्लॉग पोस्ट में बताया कि अब यह सुरक्षा फीचर प्लेटफॉर्म पर स्टैंडर्ड सुविधा बन गया है। कंपनी का कहना है कि आने वाले समय में यूजर्स की प्राइवेसी को और मजबूत बनाने के लिए दूसरे सुरक्षा फीचर्स पर भी काम किया जाएगा।
चर्चा
प्राइवेसी को लेकर बढ़ी चर्चा
डिस्कॉर्ड का यह कदम ऐसे समय में आया है जब कई बड़ी टेक कंपनियों की प्राइवेसी नीतियों को लेकर चर्चा चल रही है। हाल ही में मेटा ने इंस्टाग्राम का एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग फीचर बंद किया था। वहीं टिक-टॉक ने भी कहा था कि वह यूजर मैसेज को एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन नहीं देगा। ऐसे में डिस्कॉर्ड का फीचर यूजर्स के लिए बड़ी प्राइवेसी सुविधा माना जा रहा है। कंपनी का कहना है कि सुरक्षित बातचीत डिजिटल प्लेटफॉर्म का जरूरी हिस्सा है।