गंदे फिल्टर से AC खा सकता है ज्यादा बिजली, हर 2 हफ्ते करें ये काम
क्या है खबर?
गर्म और उमस भरे मौसम में AC लगातार चलाना पड़ता है, लेकिन कई बार ज्यादा बिजली खपत की वजह बड़ी खराबी नहीं, बल्कि गंदा फिल्टर होता है। धूल से भरा फिल्टर हवा का रास्ता रोक देता है, जिससे एसी को कमरे को ठंडा करने में ज्यादा समय लगता है। इसका सीधा असर बिजली की खपत पर पड़ सकता है। इसलिए फिल्टर की सफाई करके AC की कूलिंग बेहतर रखी जा सकती है और अतिरिक्त खर्च से बचा जा सकता है।
#1
फिल्टर साफ रखने से कम चलेगा कंप्रेसर
जब AC का फिल्टर धूल से भर जाता है, तो ठंडी हवा का बहाव कम हो जाता है।
ऐसे में तय तापमान तक पहुंचने के लिए AC देर चलता रहता है और कंप्रेसर पर भी ज्यादा दबाव पड़ता है। इससे बिजली की खपत बढ़ सकती है। साफ फिल्टर होने पर हवा आसानी से गुजरती है और AC जल्दी कमरे को ठंडा कर सकता है।
इससे कंप्रेसर का चलने का समय घट सकता है और बिजली बचाने में मदद मिलती है।
#2
मानसून में हर दो हफ्ते सफाई करें
बरसात के मौसम में हवा में नमी ज्यादा होने से धूल फिल्टर पर जल्दी चिपक सकती है।
इसलिए मानसून में फिल्टर की सफाई सामान्य समय के मुकाबले ज्यादा बार करना बेहतर है। स्प्लिट AC में फिल्टर आमतौर पर बिना किसी खास औजार के निकाला जा सकता है।
इसे पानी से धोकर जमा धूल हटाएं और दोबारा लगाने से पहले पूरी तरह सुखाएं। गीला फिल्टर लगाने से एसी के अंदर नमी और फफूंदी की समस्या बढ़ सकती है।
#3
सफाई के बाद भी दिक्कत हो तो जांच कराएं
फिल्टर साफ करने के बाद AC की कूलिंग और हवा सामान्य होना चाहिए।
अगर सफाई के बावजूद कम कूलिंग, असामान्य आवाज या लगातार ज्यादा चलने जैसी समस्या बनी रहती है, तो केवल फिल्टर को कारण न मानें। ऐसी स्थिति में गैस, कॉइल या कंप्रेसर समेत दूसरे हिस्सों की जांच कराना जरूरी हो सकता है।
समय पर सर्विस कराने से बड़ी खराबी से बचा जा सकता है। नियमित फिल्टर सफाई AC की कूलिंग और बिजली खपत दोनों के लिए फायदेमंद है।