दीपिंदर गोयल की इटरनल ला रही अपना AI टूल 'डार्क डॉट', जानिए क्या है इसकी खासियत
क्या है खबर?
जोमैटो और ब्लिंकिट की मूल कंपनी इटरनल एक नया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल लाने की तैयारी कर रही है, जिसका नाम 'डार्क डॉट AI' है। कंपनी के प्रमुख दीपिंदर गोयल ने 21 अक्टूबर को शेयरधारकों को लिखे पत्र में इसकी जानकारी दी है। यह टूल उन लोगों के लिए बनाया जा रहा है, जो AI से बातचीत करते समय अपनी निजी जानकारी और विचारों को सुरक्षित रखना चाहते हैं। कंपनी इसे दुनियाभर में पेश करने की योजना बना रही है।
खासियत
कंपनी भी नहीं पढ़ सकेगी यूजर्स की बातचीत
डार्क डॉट AI की खास बात यह है कि इसमें बातचीत को निजी रखने पर जोर दिया गया है।
कंपनी के मुताबिक, बातचीत को इस तरह सुरक्षित किया जाएगा कि इटरनल भी उसे पढ़ नहीं सकेगी। इसके लिए बातचीत को भेजने से लेकर मिलने तक सुरक्षित रखने वाली तकनीक का इस्तेमाल होगा।
कंपनी का कहना है कि इससे लोगों को अपनी निजी बातें, काम से जुड़े विचार और दूसरी संवेदनशील जानकारी साझा करने में ज्यादा भरोसा मिल सकेगा।
सुविधा
पुरानी बातचीत से जुड़ी बातें याद रखने की सुविधा
कंपनी के मुताबिक, डार्क डॉट AI में एक ऐसी व्यवस्था होगी, जिससे बातचीत से जुड़ी जरूरी जानकारी आगे भी इस्तेमाल की जा सकेगी।
इस व्यवस्था पर नियंत्रण यूजर के पास रहेगा। इटरनल के प्रमुख गोयल ने कहा कि कई लोग अपनी निजी समस्याओं, शोध और नए विचारों पर एआई से खुलकर बात नहीं करते।
उन्हें डर रहता है कि उनकी जानकारी का इस्तेमाल कैसे होगा। कंपनी का दावा है कि यह टूल ऐसी चिंताओं को कम करने में मदद करेगा।
तैयारी
इसी साल दुनियाभर में लॉन्च करने की तैयारी
इटरनल कुछ महीनों से डार्क डॉट AI का इस्तेमाल कर रही है।
कंपनी इसे शोधकर्ताओं, वैज्ञानिकों, कारोबारियों, बड़ी कंपनियों और सरकारी संस्थाओं के लिए पेश करना चाहती है। इसे 2026 के भीतर दुनियाभर में लॉन्च किए जाने की उम्मीद है। कंपनी का कहना है कि इसके AI मॉडल अच्छे और सही जवाब देने के लिए तैयार किए गए हैं।
इन्हें केवल यूजर को खुश करने के बजाय सही जानकारी देने पर ध्यान देने के लिए प्रशिक्षित किया गया है।