Loading...
बिना इंटरनेट और मोबाइल नेटवर्क के फोन पर देख सकेंगे लाइव टीवी, D2M जल्द होगा शुरू
बिना नेटवर्क के फोन पर चलेगा लाइव टीवी

बिना इंटरनेट और मोबाइल नेटवर्क के फोन पर देख सकेंगे लाइव टीवी, D2M जल्द होगा शुरू

Sep 30, 2026
02:49 pm

क्या है खबर?

भारत में जल्द मोबाइल फोन पर टीवी देखने का तरीका बदल सकता है। एक्सचेंज4मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, प्रसार भारती D2M तकनीक को बड़े स्तर पर शुरू करने की तैयारी में है और इसके लिए अगले महीने प्रस्ताव मांगने की प्रक्रिया शुरू हो सकती है। इस तकनीक के जरिए मोबाइल फोन पर बिना इंटरनेट या मोबाइल नेटवर्क लाइव टीवी देखा जा सकेगा। तेजस नेटवर्क्स के उपकरणों का तकनीकी परीक्षण सफल रहने के बाद योजना को आगे बढ़ाया जा रहा है।

तकनीक

क्या है D2M तकनीक?

D2M तकनीक में टीवी या दूसरे प्रसारण सीधे मोबाइल तक पहुंचाए जाते हैं।

इसके लिए फोन को मोबाइल नेटवर्क या इंटरनेट से जुड़ने की जरूरत नहीं होती। यह व्यवस्था कुछ हद तक FM रेडियो की तरह काम करती है, जिसमें फोन रेडियो फ्रीक्वेंसी के जरिए सिग्नल पकड़ता है।

इसके माध्यम से लाइव समाचार, खेल, ऑडियो और जरूरी आपातकालीन संदेश मोबाइल पर भेजे जा सकते हैं। कमजोर इंटरनेट वाले इलाकों में भी यह तकनीक उपयोगी साबित हो सकती है।

परीक्षण

देश के कई शहरों में हो चुका परीक्षण

प्रसार भारती ने IIT-कानपुर और सांख्य लैब्स के साथ मिलकर देश के 19 से अधिक शहरों में D2M तकनीक का परीक्षण किया है।

दिल्ली और बेंगलुरु में हुए शुरुआती परीक्षणों में मोबाइल फोन तक सीधे मल्टीमीडिया सामग्री पहुंचाने का प्रदर्शन किया गया था। IIT-कानपुर की स्टडी में 470 से 582 मेगाहर्ट्ज बैंड के इस्तेमाल को लेकर भी परीक्षण किया गया।

इसमें मोबाइल नेटवर्क में नुकसानदायक रुकावट और फोन के ज्यादा गर्म होने की समस्या नहीं मिली।

ADVERTISEMENT

चुनौती

फोन और टावरों को लेकर चुनौती

D2M को देशभर में लागू करने के रास्ते में कई तकनीकी चुनौतियां हैं।

अभी ज्यादातर मोबाइल फोन इस तकनीक को सपोर्ट नहीं करते, इसलिए नए हार्डवेयर की जरूरत पड़ सकती है। बड़े स्तर पर प्रसारण के लिए मौजूदा ढांचे में भी बदलाव करना होगा और ज्यादा टावर लगाने पड़ सकते हैं।

सरकार के अनुमान के मुताबिक देश के करीब 28 करोड़ घरों में से लगभग 19 करोड़ घरों में टीवी सुविधा है। ऐसे में D2M की पहुंच बढ़ सकती है।

ADVERTISEMENT