Loading...
FBI की जॉब वेबसाइट पर साइबर हमला, हजारों कर्मचारियों का डाटा लीक होने का दावा
FBI की वेबसाइट पर बड़े साइबर हमले का दावा

FBI की जॉब वेबसाइट पर साइबर हमला, हजारों कर्मचारियों का डाटा लीक होने का दावा

Sep 23, 2026
11:40 am

क्या है खबर?

अमेरिका की जांच एजेंसी FBI कथित तौर पर एक बड़े साइबर हमले का शिकार हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, हैकिंग ग्रुप शाइनीहंटर्स ने FBI की जॉब एप्लीकेशन वेबसाइट से 2 टेराबाइट से ज्यादा डाटा चुराने का दावा किया है। FBI ने FBIjobs.gov पर अनधिकृत गतिविधि की पुष्टि की है। घटना के बाद स्पेशल एजेंट के लिए आवेदन करने वाला पोर्टल मंगलवार को उपलब्ध नहीं था। हालांकि, एजेंसी ने डाटा चोरी की पूरी पुष्टि अभी नहीं की है।

डाटा लीक

क्या-क्या डाटा लीक होने का दावा?

शाइनीहंटर्स ने दावा किया है कि उसके पास FBI कर्मचारियों और नौकरी के लिए आवेदन करने वाले लोगों की संवेदनशील जानकारी है।

इसमें नाम, एजेंट का दर्जा, ईमेल एड्रेस, फोन नंबर और घर का पता शामिल होने की बात कही गई है। कुछ मामलों में पति या पत्नी की जानकारी और सोशल सिक्योरिटी नंबर भी होने का दावा है।

404 मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, कथित चोरी हुए डाटा के एक सैंपल में करीब 5,000 लोगों की जानकारी मिली है।

खतरा

डाटा लीक से बढ़ सकता है सुरक्षा खतरा

साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक, अगर डाटा चोरी का दावा सही साबित होता है, तो FBI कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए लंबे समय तक खतरा पैदा हो सकता है।

चोरी की जानकारी दूसरे अपराधी समूहों के साथ साझा की जा सकती है या डार्क वेब पर बेची जा सकती है। इससे लोगों को फर्जी कॉल, मैसेज और दूसरे तरीकों से निशाना बनाए जाने का खतरा बढ़ सकता है।

FBI ने अभी लीक की पूरी सीमा नहीं बताई है।

ADVERTISEMENT

वजह

हैकर्स ने हमले की बताई यह वजह

शाइनीहंटर्स ने दावा किया है कि उसने ओरेकल के पीपलसॉफ्ट प्लेटफॉर्म में मौजूद जीरो-डे खामी का इस्तेमाल करके FBI की जॉब वेबसाइट तक पहुंच बनाई।

ग्रुप का कहना है कि उसका मकसद पैसा कमाना नहीं था, बल्कि FBI से उसके बारे में दिए गए बयानों को वापस लेने या बदलने की मांग करना था।

FBI ने अभी हमलावरों की पहचान की पुष्टि नहीं की है और जांच के दौरान डाटा चोरी की वास्तविक सीमा का पता लगाया जा रहा है।

ADVERTISEMENT