कर्सर ने भारत में लॉन्च किया अपना पहला प्लान, जानिए कितनी है कीमत
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कोडिंग स्टार्टअप कर्सर ने भारत के लिए अपना पहला सब्सक्रिप्शन प्लान 'कर्सर स्टार्ट' लॉन्च किया है। इससे भारतीय डेवलपर्स को इसके AI आधारित कोडिंग टूल्स किफायती दाम पर मिल सकेंगे। यह दिखाता है कि कैसे AI कंपनियों के लिए एक अहम बाजार बनता जा रहा है। खास बात यह है कि यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है, जब एलन मस्क की कंपनी स्पेस-X द्वारा इसके अधिग्रहण की चर्चाएं जोरों पर चल रही हैं।
बढ़त
भारत बना कंपनी का तीसरा सबसे बड़ा बाजार
AI कंपनी के संस्थापक अमन सांगर ने एक्स पर कहा, "पिछले एक साल में भारत में हमारे यूजर बेस में 3 गुना बढ़ोतरी हुई है और यहां हर यूजर की ओर से एजेंट रिक्वेस्ट की संख्या किसी भी दूसरे देश के मुकाबले सबसे ज्यादा है।"
कंपनी ने भारत को दुनियाभर में अपना तीसरा सबसे बड़ा बाजार भी बताया और अपने विस्तार की योजनाओं के लिए देश के बढ़ते महत्व पर जोर दिया।
कीमत
कितनी चुकानी होगी प्लान की कीमत?
कर्सर स्टार्ट की भारत में कीमत 649 रुपये प्रति महीना रखी गई है, जो कंपनी के स्टैंडर्ड 20 डॉलर (लगभग 1,700 रुपये) वाले प्रो सब्सक्रिप्शन से काफी कम है।
इस नए प्लान में कर्सर कम्पोजर 2.5, ग्रोक 4.5, क्लाउड एजेंट्स, iOS ऐप, प्लगइन्स, मॉडल कॉन्टेक्स्ट प्रोटोकॉल (MCP) सपोर्ट, हुक्स और स्किल्स का एक्सेस मिलता है।
यह उन डेवलपर्स के लिए है, जिन्हें फ्री वर्जन से ज्यादा AI कोडिंग मदद चाहिए, लेकिन कंपनी का प्रीमियम सब्सक्रिप्शन नहीं चाहिए।