कोडिंग के लिए नया AI टूल कर्सर 3 हुआ लॉन्च, एंथ्रोपिक और OpenAI को मिलेगी टक्कर
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के कारण डेवलपर्स के काम करने का तरीका तेजी से बदल रहा है। इसी बीच कर्सर ने अपना नया टूल कर्सर 3 लॉन्च किया है, जिसने कोडिंग के तरीके को और आसान बना दिया है। अब डेवलपर्स को खुद कोड लिखने के बजाय AI को काम सौंपने का विकल्प मिल रहा है। आसान भाषा में निर्देश देने पर AI एजेंट पूरा काम संभाल लेते हैं, जिससे काम करने का तरीका पहले से बिल्कुल अलग हो गया है।
खासियत
कर्सर 3 की क्या है खासियत?
कर्सर 3 में एक चैट जैसा इंटरफेस दिया गया है, जहां डेवलपर सिर्फ अपना काम लिखता है और AI एजेंट उसे पूरा करने लगता है। अब फाइल खोलने, कोड लिखने या बग ठीक करने की शुरुआत खुद करने की जरूरत कम हो गई है। यह सिस्टम शुरुआती काम खुद कर देता है और डेवलपर सिर्फ उसे देखता और समझता है, जिससे समय और मेहनत दोनों की बहुत बचत होती है।
क्षमता
एक साथ कई AI एजेंट कर सकते हैं काम
इस टूल की खास बात यह है कि इसमें एक साथ कई AI एजेंट चलाए जा सकते हैं। हर एजेंट को अलग-अलग काम दिया जा सकता है, जैसे नया फीचर बनाना या बग ठीक करना। ये एजेंट बैकग्राउंड में काम करते रहते हैं और डेवलपर साइडबार से उन पर नजर रख सकता है। इससे एक ही समय में कई काम आसानी से पूरे हो सकते हैं और काम की गति काफी तेज हो जाती है।
अन्य
डेवलपर्स की भूमिका में आ रहा बदलाव
कर्सर 3 के आने से डेवलपर्स की भूमिका भी बदल रही है। अब वे खुद कोड लिखने के बजाय AI को निर्देश देने, उसके काम को जांचने और सुधारने में ज्यादा समय देंगे। हालांकि, AI तेज है, लेकिन हर बार सही नहीं होता, इसलिए इंसान की जरूरत बनी रहती है। आने वाले समय में डेवलपर्स का काम मैनेजमेंट और कंट्रोल पर ज्यादा केंद्रित हो सकता है, जिससे पूरी इंडस्ट्री में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।