भारत में टेंपल की कीमत का खुलासा, 1 नवंबर से शुरू होंगे प्री-ऑर्डर
क्या है खबर?
जोमैटो के सह संस्थापक दीपिंदर गोयल का ब्रेन मॉनिटरिंग वियरेबल टेंपल की कीमत सामने आ गई है। कुछ चुनिंदा यूजर्स को भेजे गए 'अर्ली-एक्सेस' इनवाइट से पता चलता है कि इस डिवाइस के पहले बैच की कीमत 85,000 रुपये होगी, जिसमें लाइफटाइम सब्सक्रिप्शन भी शामिल है। व्यापक स्तर पर लॉन्च होने से पहले बैच के लिए प्री-ऑर्डर 1 नवंबर से शुरू होंगे। हालांकि, कंपनी की ओर से अभी तक कीमत और अन्य विवरणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
उपलब्धता
सीमित संख्या में उपलब्ध होगा डिवाइस
कीमत की यह जानकारी उन लोगों से मिली है, जिन्हें कंपनी की ओर से 'अर्ली-बर्ड' इनवाइट मिले हैं।
इनवाइट में बताया गया है कि कुछ चुनिंदा यूजर सबके लिए प्री-ऑर्डर शुरू होने से पहले ही टेंपल ऐप के जरिए अपना ऑर्डर दे सकते हैं।
इसमें यह भी कहा गया है कि पहले बैच में डिवाइस की संख्या सीमित होगी। हर यूनिट ऑर्डर मिलने पर बनाई जाएगी और 'अर्ली-एक्सेस' पाने वाले खरीदार इसे सबसे पहले प्राप्त करने वालों में शामिल होंगे।
विकल्प
6 रंगों में उपलब्ध होगा टेंपल
इनवाइट में यूजर्स से टेंपल ऐप डाउनलोड करने और उसी ईमेल पते का उपयोग करके साइन-इन करने के लिए कहा गया है, जिस पर उन्हें यह मैसेज मिला था।
कंपनी ने अभी तक सार्वजनिक रूप से अंतिम खुदरा कीमत पहले बैच में यूनिट्स की कुल संख्या या डिलीवरी की समय-सीमा की पुष्टि नहीं की है।
यह डिवाइस 6 रंगों- ट्रू गोल्ड, रोज गोल्ड, ब्लैक मिरर, रियल जेड, डीप ब्लू और पर्पल फंक में उपलब्ध होगा।