ChatGPT के अनइंस्टॉल में 295 फीसदी की भारी वृद्धि, जानिए क्या है इसकी वजह
क्या है खबर?
अमेरिकी रक्षा विभाग (पेंटागन) के साथ साझेदारी करना OpenAI के लिए भारी पड़ता नजर आ रहा है। 28 फरवरी को अमेरिका में एक दिन में इसके आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चैटबॉट ChatGPT के माेबाइल ऐप के अनइंस्टॉल में 295 फीसदी की भारी वृद्धि हुई है। बाजार की खुफिया जानकारी प्रदान करने वाली कंपनी सेंसर टॉवर के आंकड़ाें के अनुसार, यह पिछले 30 दिनों में चैटबॉट की सामान्य 9 फीसदी की अनइंस्टॉल दर की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि दर्शाता है।
फायदा
एंथ्रोपिक को हुआ फायदा
OpenAI की प्रतिद्वंदी कंपनी एंथ्रोपिक के क्लाउड ऐप के डाउनलोड में 27 फरवरी को 37 फीसदी और 28 फरवरी तक 51 फीसदी की भारी वृद्धि दर्ज हुई। यह वृद्धि कंपनी की ओर से पेंटागन के साथ साझेदारी न करने की घोषणा के बाद हुई। एंथ्रोपिक ने कहा कि वे समझौते की शर्तों पर सहमत नहीं हो सके, क्योंकि उन्हें इस बात की चिंता थी कि AI का इस्तेमाल अमेरिकियों की निगरानी करने और ऑटोनॉमस हथियारों में किया जाएगा।
वजह
इस कारण अनइंस्टॉल में हुआ इजाफा
इन बदलावों का असर क्लाउड के ऐप स्टोर रैंकिंग में भी दिखाई दिया। क्लाउड शनिवार को ऐप स्टोर पर नंबर 1 पर पहुंच गया। यह लगभग एक सप्ताह पहले 20वें पायदान से बढ़ी उछाल है। आंकड़ाें से साफ पता चलता है कि यूजर्स को ChatGPT का इस्तेमाल अमेरिकी सेना द्वारा करने का समझौता रास नहीं आया। इसी कारण वे इसे अनइंस्टॉल करने की मुहिम चला रहे हैं। दूसरी तरफ समझौता नहीं करने पर एंथ्रोपिक का समर्थन कर रहे हैं।