Loading...
AI के जरिए सरकारी संस्थानों और कंपनियों से पैसों की चोरी, CERT-In ने दी चेतावनी
AI की मदद से हो रही फंड की चोरी

AI के जरिए सरकारी संस्थानों और कंपनियों से पैसों की चोरी, CERT-In ने दी चेतावनी

Nov 21, 2026
11:53 am

क्या है खबर?

भारत की साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In ने चेतावनी दी है कि हैकर्स अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से सरकारी संस्थानों और वित्तीय कंपनियों से पैसे चुरा रहे हैं। 20 नवंबर को जारी एडवाइजरी के मुताबिक, ऐसे हमलों में सरकारी भुगतान व्यवस्था और दूसरी कंपनियों के वेंडर या पार्टनर को भुगतान करने वाले प्लेटफॉर्म भी निशाने पर हैं। एजेंसी ने कहा कि यह खतरा अब बैंकिंग क्षेत्र तक सीमित नहीं रह गया है।

हैकर्स

पेमेंट सिस्टम के रिकॉर्ड में बदलाव कर रहे हैकर्स

CERT-In के मुताबिक, साइबर अपराधी अब केवल भुगतान से जुड़े API पर हमला नहीं कर रहे, बल्कि उन रिकॉर्ड और मंजूरी की प्रक्रियाओं में बदलाव कर रहे हैं, जिनके आधार पर पैसा भेजा जाता है।

इससे भुगतान सामान्य प्रक्रिया के तहत पूरा होता दिखाई देता है और कंपनियों को तुरंत गड़बड़ी का पता नहीं चलता।

एजेंसी ने बताया कि ऐसे हमलों में भरोसेमंद सिस्टम का इस्तेमाल करके अनधिकृत तरीके से रकम निकाली जा रही है।

हमले

AI एजेंट की मदद से कई संस्थानों पर हमले

एजेंसी ने सरकारी विभागों, कंपनियों, सेवा प्रदाताओं और शिक्षण संस्थानों को निशाना बनाने वाले AI आधारित हमलों की भी जानकारी दी है।

इनमें ऑटोमेटेड AI एजेंट पहले इंटरनेट से जुड़े कमजोर सिस्टम खोजते हैं और फिर उनमें सेंध लगाने की कोशिश करते हैं। ऐसे कई एजेंट एक साथ काम कर सकते हैं, जिससे हमले तेजी से होते हैं।

CERT-In के मुताबिक, इससे साइबर अपराधियों का मैनुअल काम कम होता है और हमले की रफ्तार बढ़ जाती है।

ADVERTISEMENT

सलाह

संस्थानों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की सलाह

CERT-In ने सरकारी विभागों और कंपनियों को भुगतान से जुड़े खातों और संवेदनशील जानकारियों तक पहुंच रखने वाले लोगों की जांच करने को कहा है।

एजेंसी ने भुगतान के निर्देशों और कारोबारी रिकॉर्ड का स्वतंत्र स्रोतों से मिलान करने की सलाह दी है।

इसके अलावा, संस्थानों को अपने सेवा प्रदाताओं के साथ साइबर हमलों की जानकारी साझा करने, संदिग्ध भुगतान रोकने और प्रभावित सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद करने की तैयारी रखने को कहा गया है।

ADVERTISEMENT